विवादित बयान पर देशभर में प्रदर्शन

Last Updated 11 Jun 2022 01:40:51 AM IST

पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित तौर पर विवादास्पद टिप्पणी करने को लेकर दिल्ली की जामा मस्जिद के बाहर एवं कुछ राज्यों में भी शुक्रवार को प्रदर्शन हुए। झारखंड में प्रदर्शनकारियों ने कुछ पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया, जबकि जम्मू में अधिकारियों ने कुछ इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया और कश्मीर में बंद जैसी स्थिति रही।


रांची में पुलिसकर्मियों पर पथराव करते उपद्रवी

दिल्ली में प्रदर्शनकारियों ने निलंबित भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जुमे की नमाज के बाद यहां ऐतिहासिक जामा मस्जिद के बाहर प्रदर्शन किया। जामा मस्जिद परिसर में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए जिनमें से कुछ ने तख्तियां ले रखी थीं। प्रदर्शन करने वालों ने नूपुर शर्मा और भाजपा की दिल्ली इकाई के पूर्व मीडिया प्रमुख नवीन जिंदल के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान भारी सुरक्षा बंदोबस्त किए गए थे ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।

झारखंड की राजधानी रांची के मुख्य मार्ग पर स्थित हनुमान मंदिर के निकट प्रदर्शन कर रही भीड़ को नियंत्रित करते समय कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए। जुमे की नमाज के बाद सड़कों पर उमड़ आये तथा पथराव एवं नारेबाजी कर रहे प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हवा में गोलियां चलाईं और लाठी चार्ज किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शन सुबह से ही हो रहे थे और शुक्रवार की नमाज के बाद इसने जोर पकड़ लिया। विवादित टिप्पणी के खिलाफ कई दुकानों और प्रतिष्ठानों को बंद रखा गया।

केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में, भद्रवाह और किश्तवाड़ के कुछ इलाकों में तनाव पैदा होने के बाद अधिकारियों ने कर्फ्यू लगा दिया, जबकि कश्मीर के कुछ हिस्सों में बंद जैसी स्थिति रही। अधिकारियों ने बताया कि भद्रवाह और किश्तवाड़ कस्बे तथा कश्मीर के श्रीनगर शहर में एहतियाती उपाय के तहत इंटरनेट सेवाएं स्थगित कर दी गई। मोबाइल इंटरनेट भी कश्मीर के कुछ हिस्सों में बंद कर दिया गया। भद्रवाह कस्बे से पथराव की छिटपुट घटनाओं की खबरें हैं। कुछ लोग प्रतिबंधों का उल्लंघन करते हुए सड़कों पर उतर आए और नारेबाजी करते हुए सुरक्षा बलों पर पथराव किया। श्रीनगर में, लाल चौक, बाटामालू, तेंगपोरा और अन्य स्थानों पर प्रदर्शन हुए।

महाराष्ट्र के भी कई शहरों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने प्रदर्शन किए, हालांकि कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। नवी मुंबई के पनवेल शहर में 1,000 महिलाओं सहित करीब 3,000 प्रदर्शनकारियों ने शर्मा और जिंदल की गिरफ्तारी के लिए विरोध मार्च निकाला।

एजेंसियां
नई दिल्ली/श्रीनगर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment