देश अमीर और गरीब दो हिंदुस्तान में बंटा : राहुल

Last Updated 03 Feb 2022 03:25:01 AM IST

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का कहना है कि मोदी सरकार में देश दो हिंदुस्तान में बंट गया है। एक अमीरों का हिंदुस्तान और दूसरा गरीबों का हिंदुस्तान। यह खाई बढ़ती जा रही है।


देश अमीर और गरीब दो हिंदुस्तान में बंटा : राहुल

उन्होंने चेतावनी दी कि इस खाई को पाटा नहीं गया तो देश का बहुत बड़ा नुकसान होगा। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर बुधवार से शुरू हुए धन्यवाद प्रस्ताव पर राहुल गांधी ने मोदी सरकार की जमकर आलोचना की। राहुल गांधी के बयानों की निंदा करने के लिए सरकार को तीन मंत्रियों को मैदान में उतारना पड़ा।

राहुल गांधी ने कहा, राष्ट्रपति के अभिभाषण में कई रणनीतिक मुद्दों को नहीं छुआ गया है। कई प्रमुख चुनौतियों का उल्लेख नहीं हुआ। तीन बुनियादी विषयों पर इसमें बात नहीं हुई। गांधी ने कहा, सरकार की नीतियों के कारण भारत दो हिस्सों में बंट गया है। अब दो भारत है। एक अमीरों का हिंदुस्तान है, दूसरा हिंदुस्तान गरीबों के लिए है। इनमें खाई बढ़ती जा रही है। राहुल ने कहा, प्रधानमंत्री को सुझाव देता हूं कि दो हिन्दुस्तान को साथ लाने की दिशा में काम करें, जिसे उनकी सरकार ने सृजित किया है।

उन्होंने कहा, अभिभाषण में बेरोजगारी के बारे में एक शब्द नहीं है। यह सरकार रोजगार नहीं दे पा रही है। प्रयागराज में ट्रेन जलाने की घटना का जिक्र करते हुए गांधी ने कहा, आज देश का युवा रोजगार ढूंढ़ रहा है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया, पिछले साल तीन करोड़ युवाओं को रोजगार गंवाने पड़े। बीते 50 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी देश में आज है। इस सरकार ने असंगठित क्षेत्र और छोटे कारोबारों पर आक्रमण किया।

नोटबंदी और गलत तरीके से जीएसटी लागू करके आक्रमण किया गया। उन्होंने दावा किया कि असंगठित क्षेत्र में ‘मेक इन इंडिया’ लागू हो ही नहीं सकता है। इस क्षेत्र को बर्बाद कर दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया, संप्रग सरकार ने 10 साल में 27 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला था, लेकिन इस सरकार ने 23 करोड़ लोगों को गरीबी में पहुंचा दिया।

राहुल गांधी ने दो उद्योगपतियों का उल्लेख करते हुए कहा, कोरोना के समय कई वैरिएंट आते हैं, लेकिन ‘डबल ए’ वैरिएंट है जो देश की अर्थव्यवस्था में बढ़ रहा है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार की विदेश नीति फेल हो गई है। इसी कारण गणतंत्र दिवस समारोह में कोई विदेशी अतिथि नहीं आया।

गांधी के बयानों से सरकार तिलमिला गई है। सरकार की तरफ से संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी, कानून मंत्री किरेन रिजीजू और विदेशमंत्री एस जयशंकर को सरकार के बचाव में मैदान में उतरना पड़ा । प्रह्लाद जोशी ने तो राहुल गांधी को बुद्धिहीन कह डाला।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment