चीन, उत्तर कोरिया और पाक की नई साजिश का भंडाफोड़
ड्रैगन (चीन) और पाकिस्तान भारत के खिलाफ अपनी हरकत से बाज नहीं आ रहा है। ड्रैगन इस बार पाकिस्तान और उत्तर कोरिया के नए गठजोड़ से एक बार फिर भारत पर साइबर अटैक करने की साजिश रचा है। बाज की नजर रखने वाली भारतीय खुफिया एजेंसी ने इसे डिकोड कर साजिश का भंडाफोड़ कर दिया है।
![]() चीन, उत्तर कोरिया और पाक की नई साजिश का भंडाफोड़ |
सूत्रों के अनुसार खुफिया की साइबर थ्रेट इंटेलीजेंस की रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि चीन, पाकिस्तान और उत्तर कोरिया के साइबर हैकर्स, भारत के न्यूक्लियर और डिफेंस प्रोडक्शन से जुड़े कम्प्यूटर हैक करने की फिराक में हैं।
खुफिया सूत्रों ने इस साल एक अक्टूबर से 31 अक्टूबर के बीच देश के महत्वपूर्ण इंस्टॉलेशंस से जुड़े कंप्यूटर को हैक करने की साजिश का खुलासा किया था। इस बात का ‘राष्ट्रीय सहारा’ ने भी 29 नवम्बर को खुलासा किया था। सूत्रों के अनुसार चीन ने अब उत्तर कोरिया और पाकिस्तान के साथ नए गठजोड़ तैयार कर दोबारा साइबर अटैक की साजिश रचा है।
हालिया खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक 13 कंप्यूटर के साथ कुल 56 वेब एप्लीकेशन की जानकारी भारतीय एजेंसियों को पता चली है, जिनके जरिए साइबर हैकिंग की कोशिश की गई है।
साइबर थ्रेट इंटेलिजेंस रिपोर्ट के सूत्रों के मुताबिक राज्यों की पुलिस, कोऑपरेटिव बैंक, पैरामिलिट्री फोर्स, सिविल एविएशन और गवर्नमेंट डिपार्टमेंट को भी साइबर हैकर ने टारगेट किया है। खुफिया सूत्रों के मुताबिक सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में साइबर थ्रेट का खतरा पाया गया है।
इसके बाद पंजाब में 7, केरल में 5 वेब एप्लीकेशन के जरिए हैकिंग की बड़ी कोशिश की गई। खुफिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पिछले महीने भी सितंबर महीने में भारत की रक्षा तैयारियों की जानकारी पाने के लिए चीन के हैकर्स देश के डिफेंस सेक्टर पर साइबर अटैक का प्रयास किया था। सुरक्षा एजेंसियों ने ऐसे 40 कंप्यूटर्स की जानकारी सरकार से शेयर की है, जिसे हैक करने की कोशिश की गई। खुफिया सूत्रों के अनुसार चीनी हैकर्स द्वारा 1 सितंबर से 30 सितंबर के बीच साइबर अटैक की घटना को अंजाम दिया गया।
चीन का ब्लड प्रेशर रूस और भारत की नई सैन्य नीति के कारण हुआ है। भारत को रूस से एस-400 एयर डिफेंस मिसाइल सिस्टम मिलना शुरू हो गया है। इसके बाद जल्द ही भारतीय सीमाएं और भी सुरक्षित हो जाएंगी। रूस से भारत को मिलने वाली एस-400 एयर डिफेंस मिसाइल सिस्टम से चीन परेशान है और लगातार भारत की रक्षा तैयारियों की जानकारी हासिल करने के लिए जुटा हुआ है।
सूत्रों के मुताबिक चीन यह पता लगाने की कोशिश में है कि भारत एंटी मिसाइल डिफेंस सिस्टम के साथ-साथ अपने फाइटर जेट से लेकर दूसरे हथियारों को कहां-कहां तैनात कर रहा है। चीन की तरह पाकिस्तान भी साइबर हैकर्स के जरिए भारत की जासूसी कर रहा है।
| Tweet![]() |