सौ फीसद नई सरकार

Last Updated 17 Sep 2021 01:32:09 AM IST

गुजरात में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल नीत मंत्रिमंडल में बृहस्पतिवार को 24 मंत्रियों को शामिल किया गया, जिनमें 21 सदस्य पहली बार मंत्री बने हैं। पूर्ववर्ती मंत्रिमंडल का कोई सदस्य नए मंत्रिमंडल में नहीं है। मुख्यमंत्री ने कैबिनेट की पहली बैठक में मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया।


गुजरात में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल नीत मंत्रिमंडल

इस तरह, भाजपा ने गुजरात में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पूरी तरह से स्पष्ट कर दिया है कि वह राज्य में आमूलचूल बदलाव करने का मन बनाए हुए है। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने 10 कैबिनेट मंत्रियों और 14 राज्य मंत्रियों को शपथ दिलाई, जिनमें पांच स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री भी शामिल हैं। मंत्रिमंडल में नए सदस्यों को शामिल किए जाने के साथ मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल नीत भाजपा सरकार में मंत्रियों की कुल संख्या बढ़कर 25 हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के नेतृत्व वाले पूर्ववर्ती मंत्रिमंडल के किसी भी सदस्य को नए मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया गया।  

राजभवन में आयोजित एक समारोह में दोपहर डेढ़ बजे मंत्री पद की शपथ लेने वालों में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र त्रिवेदी और पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जीतू वघानी शामिल हैं। राज्य के 17वें मुख्यमंत्री के रूप में सोमवार को शपथ ग्रहण करने वाले भूपेंद्र पटेल इस दौरान रूपाणी के साथ मौजूद थे। रूपाणी के शनिवार को मुख्यमंत्री पद से अचानक इस्तीफा देने के बाद नए मंत्रिमंडल का गठन किया गया है। कैबिनेट मंत्रियों के रूप में शपथ लेने वालों में राजेंद्र त्रिवेदी, जीतू वघानी, ऋषिकेश पटेल, पूण्रेश मोदी, राघवजी पटेल, कनुभाई देसाई, किरीट सिंह राणा, नरेश पटेल, प्रदीप परमार और अजरुन सिंह चौहान शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि इनमें त्रिवेदी, राणा और राघवजी पटेल पहले भी मंत्री रहे हैं।

वहीं, नौ राज्य मंत्रियों में मुकेश पटेल, निमिशा सुतार, अरविंद रैयानी, कुबेर डिंडोर, कीर्ति सिंह वाघेला, गजेंद्र सिंह परमार, आरसी मकवाना, विनोद मोरादिया और देव मालम शामिल हैं। नई टीम में रूपाणी सरकार का कोई सदस्य शामिल नहीं किया गया।

भाषा
गांधीनगर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment