अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर राष्ट्रपति कोविंद, PM मोदी सहित कई नेताओं ने दी बधाई, नारी शक्ति को किया सलाम

Last Updated 08 Mar 2021 10:20:22 AM IST

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद और प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को महिलाओं को बधाई दी और कहा कि भारत को उनकी तमाम उपलब्धियों पर गर्व है।


राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने महिलाओं को बधाई देते हुए ऐसा भविष्य बनाने का आह्वान किया जिसमें हर महिला और बेटी को समान अवसर मिल सके।राष्ट्रपति ने अपने ट्वीट में कहा कि आइए, हम एक ऐसा भविष्य बनाएं जिसमें हर महिला और बेटी को समान अवसर सुनिश्चित हो सके।

मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मैं अदम्य नारी शक्ति को सलाम करता हूं।

देश की महिलाओं की तमाम उपलब्धियों पर भारत को गर्व होता है। देश के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में काम करना हमारी सरकार के लिए सम्मान की बात है।’’      

 

प्रधानमंत्री मोदी अक्सर अपने संबोधनों में जिक्र करते हैं कि उनकी सरकार की विभिन्न योजनाओं व कार्यक्रमों के केंद्र में महिलाएं हैं। इस संदर्भ में वह रसोई गैस की आपूर्ति, जन धन योजना के तहत बैंक खाते खोलना, हर घर शौचालय बनाये जाने की योजनाओं का उल्लेख करते हैं।    

उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि सभी लोगों को नारी गरिमा और सम्मान का संकल्प लेना चाहिए। नायडू ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जारी एक संदेश में कहा कि हमें अपनी महान संस्कृति के अनुरूप नारी गरिमा और उसके सम्मान का संकल्प लेना चाहिए।

नायडू ने कहा,  हमें नारियों के खिलाफ किसी भी तरह की भेदभाव का उन्मूलन करने का संकल्प लेना चाहिए,  जिससे  उनके लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित हो सके और वे अपनी क्षमताओं का पूरा इस्तेमाल कर सकें।
 

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी राष्ट्रनिर्माण में महिलाओं की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार हर क्षेत्र में महिला सशक्तीकरण को लेकर प्रतिबद्ध है।

 

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment