किसानों ने लोहड़ी पर जलाई नए कृषि कानूनों की प्रतियां

Last Updated 14 Jan 2021 12:36:20 AM IST

नए कृषि कानूनों के विरोध में बुधवार को लोहड़ी के अवसर देश के कई हिस्सों में किसानों ने नए कानूनों की प्रतियां जलाकर अपना रोष प्रकट किया। दिल्ली की सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे किसानों ने भी प्रदर्शन स्थलों पर नए कृषि कानूनों की प्रतियां जलाईं।


नई दिल्ली में बुधवार को सिंघु बॉर्डर पर प्रदर्शन स्थल पर नए कृषि कानूनों की प्रतियां जलाते किसान नेता दर्शन पाल सिंह व अन्य।

संयुक्त किसान मोर्चा के परमजीत सिंह ने कहा कि अकेले सिंघू बॉर्डर पर ही कृषि कानूनों की एक लाख प्रतियां जलाई गईं। हरियाणा के करनाल जिले से आए 65 वर्षीय गुरप्रीत सिंह संधू ने कहा, ‘उत्सव इंतजार कर सकते हैं। केंद्र की ओर से जिस दिन इन काले कानूनों को वापस लेने की हमारी मांग को मान लिया जाएगा, हम उसी दिन सभी त्योहारों को मनाएंगे।’

पंजाब के बरनाला जिले से आए 34 वर्षीय किसान राजबीर सिंह ने कहा, ‘मैं यहां प्रदर्शन में शामिल होकर खुश हूं और अपने किसान परिवार के साथ उत्सव मना रहा हूं।’ उन्होंने कहा, ‘आज, हमनें प्रतियां जलाई हैं और कल, केंद्र इन्हें जलाएगा।’

इस बीच, किसान आंदोलन कार्यालय में भी योगेंद्र यादव, गुरनाम सिंह चढूनी समेत अन्य किसान नेताओं ने भी कृषि कानूनों की प्रतियां जलाईं। इसके अलावा पंजाब में कई जगहों पर विभिन्न संगठनों से नाता रखने वाले किसानों ने प्रदर्शन किया और कानूनों की प्रतियां जलाईं। इसी तरह हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी इसी तरह के नजारे देखने को मिले।
 

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment