कांग्रेस सत्ता में आई तो निरस्त होंगे नए कृषि कानून : राहुल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तीन कृषि कानूनों को लेकर रविवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि अगर ये अधिनियम किसानों के लिए हैं तो वे लोग विरोध क्यों कर रहे हैं?
![]() मोगा (पंजाब) : रविवार को ‘खेती बचाओ यात्रा’ के दौरान निकाली गई ट्रैक्टर रैली में शामिल कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पंजाब मे मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़। |
पंजाब के मोगा जिले के बढनी कलां में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आती है तो इन विवादित कानूनों को निरस्त कर दिया जाएगा। उन्होंने पूछा कि कोरोना वायरस महामारी के दौरान इन कानूनों को लागू करने की ऐसी क्या ‘जल्दी’ और जरूरत थी।
गांधी ने कहा, ‘प्रधानमंत्री कहते हैं कि किसानों के लिए कानून बनाए जा रहे हैं। अगर कानून किसानों के लिए बनाए जा रहे हैं तो फिर आपने लोकसभा और राज्यसभा में चर्चा क्यों नहीं की? ’कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ‘अगर किसान इन कानूनों से खुश हैं तो फिर वे पूरे देश में आंदोलन क्यों कर रहे हैं?
पंजाब का हर किसान आंदोलन क्यों कर रहा है?’ किसानों को आशंका है कि केंद्र द्वारा किए जा रहे कृषि सुधारों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को समाप्त करने का रास्ता साफ होगा और वे बड़ी कंपनियों की ‘दया’ पर आश्रित रह जाएंगे। इससे पूर्व राहुल गांधी रविवार से मंगलवार तक चलने वाली तीन दिवसीय ट्रैक्टर रैलियों का नेतृत्व करने के लिए दोपहर में मोगा पहुंचे।
| Tweet![]() |