रेल राज्यमंत्री सुरेश अंगड़ी का कोरोना से निधन

Last Updated 24 Sep 2020 01:03:59 AM IST

केंद्रीय रेल राज्यमंत्री सुरेश अंगड़ी का एम्स के जेपीएन सेंटर में कोरोना वायरस से निधन हो गया। वह काफी समय से एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती थे।


केंद्रीय रेल राज्यमंत्री सुरेश अंगड़ी (file photo)

उनका निधन बुधवार रात करीब 8:30 बजे हुआ। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रेल मंत्री पीयूष गोयल, पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा, उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व अन्य नेताओं ने शोक जताया।

वह पीएम नरेंद्र मोदी के दूसरे कार्यकाल में रेल राज्यमंत्री बनाए गए थे। वह 65 वर्ष के थे। आंगड़ी ने 11 सितम्बर को कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी थी। उन्होंने ट्वीट कर कहा था, आज जांच में कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। मेरी स्थिति ठीक है। डॉक्टरों की सलाह ले रहा हूं। पिछले कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आए सभी लोगों से अनुरोध करता हूं कि वे अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दें और लक्षण सामने आने पर जांच करवाएं। सुरेश अंगड़ी कोरोना की वजह से मरने वाले कर्नाटक के दूसरे सांसद हैं। इससे पहले अशोक गश्ती की पिछले दिनों कोरोना के कारण मौत हो गई थी। वह राज्यसभा के सांसद थे। सुरेश अंगड़ी कर्नाटक की बेलगाम सीट से लोकसभा सांसद थे।

सुरेश अंगड़ी एक असाधारण कार्यकर्ता थे जिन्होंने कर्नाटक में पार्टी को मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत की। वे एक समर्पित सांसद और प्रभावी मंत्री थे जिनका हर कोई मुरीद था। उनका निधन पीड़ा देने वाला है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवदेनाएं उनके परिजनों और उनके चाहने वालों के साथ हैं। ओम शांति। --नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री

आधा झुका रहेगा राष्ट्रीय ध्वज
दिल्ली में सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज बृहस्पतिवार को आधा झुका रहेगा।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment