नहीं मान रहे लोग, अब कर्फ्यू, पंजाब, महाराष्ट्र, पुडुचेरी व चंडीगढ़ में लागू
रविवार को एक दर्जन से ज्यादा राज्यों में लॉकडाउन की घोषणा की जा चुकी थी। हालांकि देश के अधिकतर हिस्सों में इसका अच्छा खासा असर देखने को मिला, लेकिन कहीं-कहीं लोग इसका अनुपालन नहीं कर रहे थे।
![]() कर्फ्यू के बाद अमृतसर का नजारा। |
इस बीच दो केंद्र शासित प्रदेशों और दो राज्यों में सोमवार को कर्फ्यू लगा दिया गया। सबसे पहले पंजाब सरकार ने कर्फ्यू लगाया, इसके बाद महाराष्ट्र ने भी इसकी घोषणा कर दी। इसी तरह केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी और चंडीगढ़ में भी कर्फ्यू लगा दिया गया है।
पंजाब सरकार ने कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए सोमवार को कर्फ्यू लागू कर दिया। ऐसा बड़ा कदम उठाने वाला देश का यह पहला राज्य है। एक वीडियो संदेश में मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कहा कि वह ‘राज्य के व्यापक हित में और आप सभी के हित में’ यह कदम उठाने के लिए बाध्य हुए हैं।
उन्होंने कहा कि उन्हें खबर मिली है कि लॉकडाउन के बावजूद शहरों, मोहल्लों और नगरों में लोग सामान्य रूप से इधर-उधर घूम-फिर रहे हैं। उन्होंने 31 मार्च तक के लिए लगाए गए लॉकडाउन के उल्लंघन को ‘अस्वीकार्य’ करार दिया और कहा कि राज्य का प्रमुख होने के नाते पंजाब को बचाना उनका दायित्व है।
पंजाब के बाद चंडीगढ़ में भी कर्फ्यू लगा दिया गया। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि पंजाब के राज्यपाल और केंद्र शासित क्षेत्र चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनोर ने सोमवार की मध्य रात्रि से अगले आदेश तक तत्काल प्रभाव से कर्फ्यू लागू करने का निर्णय किया है।
इसने कहा कि कर्फ्यू लगने के साथ ही सभी निवासियों के लिए घर के अंदर ही रहना अनिवार्य है। केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में भी सोमवार रात नौ बजे से 31 मार्च तक कर्फ्यू लगा दिया गया है। कर्फ्यू का पालन कराने के लिए पुलिस को सख्त आदेश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री वी नारायण सामी ने यह जानकारी दी। महाराष्ट्र में सोमवार आधी रात से कर्फ्यू लगा दिया गया।
20 राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों में पूर्ण, छह में आंशिक लॉकडाउन
देश के 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने कोरोना वायरस के चलते अपने-अपने यहां पूर्ण लॉकडाउन के आदेश दिए हैं और छह अन्य राज्यों ने भी अपने कुछ क्षेत्रों में इसी तरह के प्रतिबंधों की घोषणा की है। केंद्र सरकार ने राज्यों से यह भी कहा है कि यदि जरूरी हो, तो अतिरिक्त प्रतिबंध भी लागू किए जाएं।
तीन अन्य राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों ने कुछ गतिविधियों पर रोक लगाने का निर्देश जारी किया है, जिससे बड़ी संख्या में लोग एकत्र न हो सकें।
| Tweet![]() |