हरियाणा मंत्रिपरिषद में शामिल मंत्रियों में विभागों का बंटवारा, विज को गृह मंत्रालय

Last Updated 15 Nov 2019 11:39:38 AM IST

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने राज्य की भाजपा और जजपा गठबंधन सरकार के गुरुवार को किये गये पहले मंत्रिपरिषद विस्तार के तहत शामिल छह कैबिनेट और चार राज्य मंत्रियों (स्वतंत्र प्रभार) में विभागों का बंटवारा कर दिया है।


कैबिनेट और राज्य मंत्रियों में भाजपा कोटे से क्रमश: पांच और तीन मंत्री बनाये गये हैं। इनमें अनिल विज, कंवरपाल गुर्जर, मूलचंद शर्मा, जयप्रकाश दलाल और डॉ बनवारी लाल कैबिनेट मंत्री और ओम प्रकाश यादव, कमलेश ढांडा और संदीप सिंह राज्य मंत्री हैं। रानिया से निर्दलीय विधायक रणजीत सिंह को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है जबकि जजपा विधायक अनूप धानक को राज्यमंत्री बनाया  गया है। मंत्रिपरिषद के विस्तार के बाद राज्य सरकार में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री समेत 12 मंत्री हो गये हैं।

कैबिनेट मंत्रियों में साल 1990, 1996, 2000, 2009 और 2014 और इस बार साल 2019 में अम्बाला कैंट से छठी बार विधायक चुने गये विज राज्य में लगातार दूसरी बार मंत्री बने हैं।

उन्हें गृह, शहरी स्थानीय शासन, स्वास्थ्य, तकनीकी शिक्षा, आयुष, मेडिकल शिक्षा और विज्ञान और प्रौद्योगिकी समेत कुल सात विभाग दिये गये हैं। वह पिछली भाजपा सरकार में खेल और स्वास्थय मंत्री थे। वह पिछली सरकार के केवल उन दो मंत्रियों में एक हैं जो इस बार चुनाव जीत सके हैं। वह राज्य में 23 वर्षों के अंतराल बाद गृह मंत्री होंगे।

उनसे पहले साल 1996 में बंसीलाल सरकार में मनीराम गोदारा गृह मंत्री थे। हालांकि साल 2009 में भूपिंदर सिंह हुड्डा के नेतृत्व में राज्य की तत्कालीन कांग्रेस सरकार में सिरसा से बतौर निर्दलीय विधायक बने गोपाल कांडा को गृह राज्य मंत्री बनाया था लेकिन अपनी कम्पनी की एक महिला कर्मचारी की आत्महत्या के मामले में आरोपी बनाये जाने और जेल भेजे जाने पर उन्हें अगस्त 2012 में पद से इस्तीफा देना पड़ा था।

जगाधरी से तीसरी बार विधायक बने कंवरपाल गुर्जर को शिक्षा, वन, पर्यावरण, संसदीय मामले और आतिथ्य विभाग दिये गये हैं। गुर्जर पिछली विधानसभा के अध्यक्ष थे। लेकिन इस बार उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया है।

बल्लभगढ़ से दूसरी बार विधायक बने मूलचंद शर्मा को परिवहन, खनन, कौशल विकास और औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग दिये गये हैं।

लोहारू से पहली बार विधायक बने जय प्रकाश दलाल को कृषि, पशु पालन, मत्स्य पालन और विधि विभाग दिये गये हैं।

वहीं पिछली भाजपा सरकार में जनस्वास्थ्य मंत्री रहे डॉ बनवारी लाल दूसरी बार भी कैबिनेट मंत्री बने हैं। उन्हें इस बार सहकारिता, अनुसूचित जाति और जनजाति और पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग दिये गये हैं।

कैबिनेट मंत्री बने निर्दलीय विधायक रणजीत सिंह राज्य की इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) अध्यक्ष और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के भाई हैं। वह 1987 में विधायक चुने गये थे और 31 साल के अंतराल के बाद रानिया हलके से विधानसभा में पहुंचे हैं। जीतने पर उन्होंने बिना शर्त भाजपा को समर्थन देने का ऐलान किया था। ईनाम के तौर पर उन्हें कैबिनेट मंत्री पद मिला और उन्हें बिजली, नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा और जेल विभाग दिये गये हैं।

राज्य मंत्रियों में नारनौल से दूसरी बार विधायक बने ओम प्रकाश यादव को सामाजिक न्याय और अधिकरिता, सैनिक कल्याण विभाग दिये गये हैं। वह पहली बार मंत्री बने हैं। वहीं पहली बार विधायक बनीं कमलेश ढांडा सरकार में एकमात्र महिला मंत्री होंगी। उन्हें महिला एवं बाल विकास और अभिलेखागार विभाग लिये गये हैं।
जजपा विधायक अनूप धानक को पुरातत्व और संग्रहासय, श्रम और रोजगार विभाग दिये गये हैं। वह उप मुख्यमंत्री के साथ संबद्ध रहेंगे। धानक इनेलो में रहते हुये विधायक थे और इस बार जजपा के टिकट पर चुनाव जीते हैं। वहीं पहोवा से पहली बार विधायक बने और हॉकी इंडिया के पूर्व कप्तान संदीप सिंह को खेल विभाग दिया गया है। 

सरकार में घटक जजपा के नेता और उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को विभागों के बंटवारे के तहत राजस्व और आपदा प्रबंधन, आबकारी और कराधान, ग्रामीण विकास और पंचायतीराज, वाणिज्य और उद्योग, लोक निर्माण विभाग (भवन और सड़कें), खाद्य, आपूर्ति और उपभोक्ता मामले, श्रम और रोजगार, नागरिक  उड्डयन, अभिलेखागार और संग्रहालय, पुनर्वास एवं चकबंदी विभाग पहले ही सौंप दिये गये हैं।

राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा में अधिकतम 13 मंत्री हो सकते हैं। गत 21 अक्टूबर को हुये विधानसभा चुनाव की 24 अक्टूबर को हुई मतगणना और घोषित परिणामों में भाजपा को 40, कांग्रेस को 31, जजपा को दस, इनेलो और हरियाणा लोकहित पार्टी को एक-एक तथा सात निर्दलीय विजयी रहे थे। बाद में राज्य में भाजपा ने जजपा और सात निर्दलीय विधायकों के समर्थन से सरकार का गठन किया था। 

वार्ता
हरियाणा


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment