अल-नीनो के प्रभाव से मानसून के आने में देरी

Last Updated 16 May 2019 07:09:44 AM IST

मौसम विज्ञान विभाग के इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून के आने में देरी का अनुमान लगाते हुए कहा है कि मानसून छह जून को केरल तट पर पहुंचेगा।


अल-नीनो के प्रभाव से मानसून के आने में देरी

सामान्य तौर पर मानसून 29 मई या पहली जून को केरल तट पर दस्तक दे देता है, लेकिन इस बार अल-नीनो के प्रभाव के कारण मानसून के आगमन में देरी होगी। विभाग ने बुधवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, सांख्यिकी मॉडलों के आधार पर यह संकेत मिल रहा है कि इस साल मानसून के केरल पहुंचने में थोड़ी देरी होगी।

दक्षिण-पश्चिम मानसून के छह जून को केरल पहुंचने का अनुमान है। उसने कहा, इसमें चार दिन आगे-पीछे हो सकता है। वर्ष 2005 से 2018 के बीच सिर्फ एक बार 2015 में ऐसा हुआ है जब मौसम विभाग ने मानसून के आगमन का जो पूर्वानुमान जारी किया है वास्तविक आगमन उससे बहुत ज्यादा आगे-पीछे रहा हो।

मानसून के केरल पहुंचने का सामान्य समय एक जून होता है। मौसम विभाग ने कहा, 18 और 19 मई के बीच मानसून के अंडमान सागर के दक्षिणी हिस्से, निकोबार द्वीप और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी स्थित आसपास के इलाकों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही है।
 

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment