प्रियंका के करिश्मे के सहारे कांग्रेसी उम्मीदवार

Last Updated 16 Apr 2019 06:06:34 AM IST

कांग्रेस नेतृत्व परेशान है। उसकी परेशानी का कारण पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी की चुनाव प्रचार के लिए जबरदस्त डिमांड होना है।


कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी

सक्रिय राजनीति में आए प्रियंका को कुछ ही समय हुआ है, लेकिन उनकी लोकप्रियता और करिश्मे को भुनाने के लिए हर पार्टी उम्मीदवार उनकी रैली की मांग कर रहा है।
 पार्टी के सूत्रों के अनुसार कांग्रेस में पार्टी अध्यक्ष राहुल से भी ज्यादा मांग प्रियंका की है। सूत्रों के अनुसार, यूं तो देश के सभी हिस्सों से उनके कार्यक्रम को लेकर मांग आई है, लेकिन कांग्रेस शासित राज्यों में यह कुछ ज्यादा ही है। पंजाब, राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ के सभी प्रत्याशियों की मांग है कि प्रियंका की रैली उनके क्षेत्र में करायी जाए। कारण यह है कि उम्मीदवारों को लग रहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को प्रियंका ही सीधी टक्कर दे सकती है।
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में प्रियंका का क्रेज पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी से ज्यादा है। कांग्रेस शासित राज्यों के कार्यकर्ताओं की बात तो छोड़िए, वहां के मुख्यमंत्रियों का भी मानना है कि मोदी की काट प्रियंका गांधी अच्छे से कर सकती हैं।

सूत्रों के अनुसार, हिंदी हार्टलैंड के राज्यों के अलावा दक्षिण के राज्यों से भी प्रियंका की चुनावी रैली और रोड शो की लगातार मांग आ रही है। कांग्रेस नेतृत्व की परेशानी यह है कि प्रियंका गांधी को उत्तर प्रदेश में ज्यादा फोकस करना पड़ रहा है, ऐसे में हर उम्मीदवार की मांग को कैसे पूरा किया जाए। सूत्रों के अनुसार पंजाब, राजस्थान व मध्यप्रदेश के सभी उम्मीदवारों ने उनके चुनाव अभियान के लिए मांग की है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस नेतृत्व ने अपने सभी उम्मीदवारों से स्टार प्रचारकों के क्रम से प्राथमिकता देने के लिए कहा था। इसके बाद प्रदेश कैंपेन कमेटी को स्टार प्रचारकों का नाम कांग्रेस वार रूम में भेजा जाता है। यहां तय किया जाता है कि कहां किस को भेजा जाए। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के गृह राज्य गुजरात में भी प्रियंका की मांग है। यहां से भी ज्यादातर उम्मीदवारों की प्रियंका की रैली और रोड शो के लिए मांग आयी है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस हाईकमान बदली चुनावी रणनीति में इस कोशिश में है कि कम से कम कांग्रेस शासित राज्यों में हर राज्य में प्रियंका की एक दो रैलियां और रोड शो करा दिए जाएं।

प्रतीक मिश्र/सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment