राजनीति में एंट्री के बाद प्रियंका गांधी का पहला भाषण, बोलीं- जागरुक होने से बड़ी कोई देशभक्ति नहीं

Last Updated 12 Mar 2019 04:48:22 PM IST

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में जो कुछ हो रहा है उससे वह दुखी हैं।


कांग्रेस की नेता प्रियंका गांधी वाड्रा

कांग्रेस महासचिव के रूप में प्रभार संभालने के बाद प्रियंका गुजरात में अपनी पहली राजनीतिक रैली को संबोधित कर रही थीं।     

गांधीनगर जिले के अदालाज गांव के निकट आयोजित रैली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी भी मौजूद थी।     

प्रियंका ने कहा, "आज मैं साबरमती गई जहां से गांधीजी ने देश की आजादी के लिए संघर्ष शुरू किया था। मेरे दिल में ऐसी भावना जागी कि आंखों में आंसू आने लगे। देशभक्तों के बारे में सोचा, जिन्होंने इस देश के लिए अपनी जान दी। यह देश प्रेम, सद्भावना और आपसी प्यार के आधार पर बना है। यहीं से गांधीजी ने प्रेम, अहिंसा और सद्भावना की आवाज उठाई थी, मुझे लगता है कि यहीं से आवाज उठनी चाहिए। जो लोग आपकी फितरत की बात करते हैं, उन्हें बताइए कि आपकी फितरत क्या है। इस देश की फितरत है कि नफरत की हवाओं को प्रेम और करुणा में बदलेगी, हर जर्रे से सच्चाई को निकालेगी।"

उन्होंने कहा, "आज जो कुछ भी देश में हो रहा है, उससे दुख होता है। हमारी संस्थाएं नष्ट की जा रही हैं, जहां भी देखिये नफरत फैलायी जा रही है। इससे बड़ी कोई देशभक्ति नहीं है कि आप जागरुक बनें, आपकी जागरुकता एक हथियार है, आपका वोट एक हथियार है। ये ऐसा हथियार है, जिससे किसी को चोट नहीं पहुंचाना, दुख और नुकसान नहीं पहुंचाना है। ये ऐसा हथियार है जो आपको मजबूत बनाएगा। इस चुनाव से आप अपना भविष्य चुनने जा रहे हैं।"

प्रियंका ने कहा कि फिजूल के मुद्दे नहीं, मुद्दे वो उठने चाहिए जो आपको आगे बढ़ाए। आपकी जागरूकता ही इन मुद्दों को आगे लाएगी। मैं आपसे आग्रह करना चाहती हूं कि इस बार सोच समझकर निर्णय लें।"

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश में करोड़ों लोगों को नौकरियां देने के अपने वादों को पूरा नहीं किया। उनसे पूछिए कि जो रोजगार का वचन दिया था, वो कहां है। जो 15 लाख खाते में आने थे, वो कहां गए।

कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गृह राज्य में एक रैली आयोजित करके आगामी लोकसभा चुनावों के लिए बिगूल फूंका।

समयलाइव डेस्क/भाषा
अहमदाबाद


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment