2 निर्दलीय विधायकों ने समर्थन वापस लिया, कुमारस्वामी बोले- मेरी सरकार स्थिर

Last Updated 15 Jan 2019 04:10:00 PM IST

कर्नाटक में एच डी कुमारस्वामी नीत कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन सरकार से दो निर्दलीय विधायकों ने मंगलवार को अपना समर्थन वापस ले लिया।


कांग्रेस-JDS सरकार से 2 विधायकों ने समर्थन लिया वापस

एच नागेश (निर्दलीय) और आर शंकर (केपीजेपी) ने राज्यपाल वजुभाईवाला को पत्र लिख कर अपने इस फैसले से अवगत कराया है।       

अलग-अलग पत्रों में विधायकों ने कहा है कि वे कांग्रेस - जेडीएस गठबंधन सरकार को दिया अपना समर्थन तत्काल प्रभाव से वापस ले रहे हैं। फिलहाल मुंबई के एक होटल में ठहरे हुए इन विधायकों ने राज्यपाल से आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया है।      

कांग्रेस और भाजपा, दोनों ही पार्टियां एक दूसरे पर विधायकों को प्रलोभन देने का आरोप लगा रही हैं।       

कांग्रेस के कुछ विधायकों और कुछ निर्दलीय विधायकों के मुंबई के एक होटल में ठहरे होने की खबरों के बीच भाजपा के विधायक अभी हरियाणा में डेरा डाले हुए हैं।

हरियाणा के रिसार्ट में ठहरे हैं कर्नाटक के भाजपा विधायक

कर्नाटक में सत्तारूढ कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन द्वारा विधायकों की खरीद-फरोख्त की कोशिश के डर से विपक्षी भाजपा ने अपने विधायकों को दिल्ली के पास हरियाणा के नूंह जिले में एक रिसार्ट में ठहराया है।

भाजपा की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी एस येदियुरप्पा, पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर और शोभा करंदलजे जैसे अन्य वरिष्ठ नेता उन 104 विधायकों में शामिल हैं जो सोमवार से हसनपुर तौरू के नूंह जिले में आईटीसी ग्रांड भारत रिसार्ट में ठहरे हुए हैं।       

सूत्रों ने कहा कि भाजपा विधायकों को एक जगह रखने और कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन की ओर से किसी भी तरह की खरीद-फरोख्त की कोशिश को रोकने के लिए रिसार्ट में भेजा गया है।

शेट्टर ने कहा, ‘‘हम रिसार्ट में ठहरे हुए हैं। हमें यह नहीं पता कि कब तक यहां रहेंगे।’’       

सूत्रों ने बताया कि करीब तीन-चार विधायक निजी कार्य से वापस कर्नाटक लौट गये हैं और जल्द वापस आएंगे।      

खबरों के मुताबिक कांग्रेस के छह से आठ विधायक भाजपा में जाने को तैयार हैं।       

कर्नाटक में गठबंधन सरकार गिराने के लिए ‘ऑपरेशन लोटस’ चलाने की कोशिश संबंधी खबरों को खारिज करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष येदियुरप्पा ने कहा था कि इसमें कोई सचाई नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन विपक्षी विधायकों को प्रलोभन देने की कोशिश कर रहा है।
 

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment