Israel-Iran War: ईरान के परमाणु अनुसंधान केन्द्र पर इजरायली हमलों में 3 वरिष्ठ कमांडरों की मौत
Israel-Iran War: इजरायल की सेना ने शनिवार को कहा कि उसने बीती रात ईरान की परमाणु अनुसंधान सुविधा पर हमला किया और निशाना बनाकर किए गए हमलों में तीन वरिष्ठ ईरानी कमांडरों की मौत हो गई। दोनों देशों के बीच युद्ध दूसरे सप्ताह में प्रवेश कर गया है।
![]() |
शनिवार सुबह इस्फहान में एक पर्वत के निकट इलाके से धुआं उठता दिखाई दिया, जहां एक स्थानीय अधिकारी ने कहा कि इजरायल ने दो बार परमाणु अनुसंधन सुविधा पर हमला किया।
निशाने पर दो सेंट्रिप्यूज उत्पादन स्थल थे।
ईरान के परमाणु कार्यक्रम को तहस-नहस करने के इजरायल के लक्ष्य के तहत 24 घंटे में इस्फहान में हुआ यह दूसरा हमला था।
इस्फहान प्रांत के सुरक्षा मामलों के डिप्टी गवर्नर अकबर सालेही ने पुष्टि की कि इजरायली हमलों में सुविधा को नुकसान पहुंचा है, लेकिन कोई व्यक्ति हताहत नहीं हुआ।
ईरान ने एक बार फिर इजरायल पर ड्रोन और मिसाइल दागे, लेकिन तत्काल कोई महत्वपूर्ण नुकसान की जानकारी नहीं मिली है।
इजरायल की डेविड एडोम बचाव सेवा ने शनिवार को कहा कि उत्तरी इजरायल में दो मंजिला इमारत पर एक ईरान ड्रोन गिरा, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ।
इस बीच दोनों देशों के दरमियान तनाव कम करने के उद्देश्य से स्विटजरलैंड के जेनेवा में घंटों चली कूटनीतिक वार्ता बेनतीजा रही।
यूरोपीय अधिकारियों ने भविष्य में वार्ता की आशा व्यक्त की जबकि ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने कहा कि वह आगे भी वार्ता के लिए तैयार हैं।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इजरायल की ओर से लगातार हमले किए जाने के कारण ईरान को अमेरिका के साथ वार्ता करने में कोई रुचि नहीं है।
| Tweet![]() |