चीन और रूस के लड़ाकू विमानों ने जापान सागर के ऊपर हवाई गश्त की

Last Updated 25 May 2022 05:36:44 AM IST

चीन और रूस के लड़ाकू विमानों ने मंगलवार को जापान सागर, पूर्वी चीन सागर और पश्चिमी प्रशांत महासागर के ऊपर संयुक्त हवाई गश्त की।


चीन और रूस के लड़ाकू विमानों ने जापान सागर के ऊपर हवाई गश्त की

दोनों देशों ने यह कदम बीजिंग और मास्को के बीच एकजुटता का संभवत: संदेश देने के लिए उस दिन उठाया, जब तोक्यो में क्वाड देशों के नेताओं की बैठक हुई।
चीन के रक्षा मंत्रालय ने एक संक्षिप्त घोषणा में कहा, ‘‘चीन और रूस की वायु सेनाओं ने दोनों सेनाओं के बीच सालाना सैन्य सहयोग के तहत मंगलवार को जापान सागर, पूर्वी चीन सागर और पश्चिमी प्रशांत महासागर के ऊपर संयुक्त सामरिक हवाई गश्त की।’’
टोक्यो से आई मीडिया की खबरों में जापानी रक्षा मंत्री नोबुओ किशी के हवाले से कहा गया है कि जापान ने मंगलवार को क्वाड नेताओं की बैठक के दौरान रूस और चीन की सैन्य उड़ानों को लेकर गंभीर चिंता प्रकट की है। किशी ने कहा, ‘दो चीन बम वषर्क विमानों ने दो रूसी बम वषर्क विमानों के साथ पूर्वी चीन सागर के ऊपर संयुक्त उड़ान भरी।’ उन्होंने कहा कि जापान ने इस मुद्दे को राजनयिक माध्यमों से दोनों देशों के समक्ष उठाया है।

चीन और रूस ने अतीत में प्रशांत महासागर में सालाना युद्ध अभ्यास किये हैं। हालांकि, क्वाड सम्मेलन के दिन इस तरह के अभ्यास करने को बीजिंग और मास्को द्वारा अपनी एकजुटता का संदेश भेजने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। यूक्रेन पर रूस के आक्रमण की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय आलोचना और चीन का दृढ़ता से उसका समर्थन करने की पृष्ठभूमि में यह कदम उठाया गया। वहीं, बीजिंग में चीन के विदेश मंत्रालय ने जोर देते हुए कहा कि चीन-रूस संबंध बदलते अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य की नयी कसौटी पर खरे उतरे हैं और सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

भाषा
बीजिंग


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment