रूस ने परमाणु हथियारों के इस्तेमाल से किया इनकार

Last Updated 24 Mar 2022 05:41:36 AM IST

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के मुख्य प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने यूक्रेन के खिलाफ परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की संभावना से इनकार किया है।


रूस ने परमाणु हथियारों के इस्तेमाल से किया इनकार

मंगलवार को सीएनएन को दिए एक साक्षात्कार में पेस्कोव कई दफा परणामु हथियारों के इस्तेमाल किए जाने की बात से इनकार करते रहे। उन्होंने कहा, ‘अगर यह हमारे देश के लिए अस्तित्व का खतरा बनकर उभरा, तो शायद ऐसा हो सकता है।’

फरवरी के महीने में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा, अगर कोई हमारे रास्ते में खड़ा होता है या हमारे नागरिकों के लिए खतरा पैदा करने की कोशिश करता है, तो उन्हें यह पता होना चाहिए कि रूस इसका जवाब तुरंत देगा और इसके परिणाम ऐसे होंगे जैसा पूरे इतिहास में आपने कभी नहीं देखा होगा। यूक्रेन को लेकर पुतिन ने जो सोचा था क्या उसे अब हासिल कर लिया जा चुका है, इस पर बात करते हुए पेस्कोव ने कहा, नहीं, अभी हासिल नहीं हुआ है।

उन्होंने बताया कि यूक्रेन में रूसी सैन्य अभियान योजनाओं के मुताबिक चल रहा है और हम अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते जा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने पुतिन की मांगों को दोहराते हुए कहा कि हमारे अभियान का मकसद बस यूक्रेनी सैन्य क्षमता से छुटकारा पाना है।

यूक्रेन को समझना होगा कि साल 2014 में रूस द्वारा क्रीमिया पर कब्जा किए जाने से पहले भी वह रूस का ही हिस्सा था और साथ लुहान्स्क व डोनेट्स्क भी अब अलग देश बन चुके हैं।  उन्होंने यह भी दावा किया कि रूस ने केवल सैन्य ठिकानों पर हमला किया है, उनके द्वारा आम नागरिकों को निशाना नहीं बनाया गया है।

रूस की यूक्रेन में हथियार आपूर्ति को लेकर अमेरिका को चेतावनी

रूस ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर वह यूक्रेन को हथियार मुहैया कराने में मदद करता है तो यह गैरजिम्मेदाराना और खतरनाक होगा।

अमेरिका में रूसी राजदूत अनातोली एंटोनोव ने कहा है कि यूक्रेन को हथियारों की आपूर्ति और वहां अपने सैनिकों को भेजने का प्रयास करना आगे चलकर खतरनाक साबित हो सकता है। यूक्रेन को सैन्य सहायता पहुंचाना यूरोप सहित पूरी दुनिया के लिए खतरा है।

अनातोली के मुताबिक, विदेशों से यूक्रेन को भेजे जा रहे हथियारों का एक बड़ा हिस्सा आखिरकार डाकुओं, नाजियों और आतंकवादियों के हाथों में चला जाता है। राजदूत ने कहा, ‘आर्थिक लाभ की खोज में रक्षा उद्योग क्षेत्र की कंपनियों ने अपनी नैतिकता को भूला दिया है। ये लोगों का खून बहाकर भी पैसा कमाने के लिए तैयार हैं। हम यूक्रेन के प्रायोजकों से अपील करते हैं कि यूक्रेन को रक्तपात के लिए प्रोत्साहित करना बंद करें और अपने किए गये कायरें के परिणामों पर गंभीरता से विचार करें।

वार्ता
मॉस्को/वाशिंगटन


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment