दक्षिण चीन सागर पर दावा जताने वाले देश चीनी हैकर्स के निशाने पर

Last Updated 10 Dec 2021 05:31:55 AM IST

चीन के संभावित रूप से सरकार प्रायोजित हैकर्स दक्षिणपूर्व एशिया में सरकार और निजी क्षेत्र के संगठनों को व्यापक रूप से निशाना बना रहे हैं, इनमें बुनियादी ढांचे के विकास की परियोजनाओं पर बीजिंग के साथ करीबी रूप से संलिप्त संगठन भी शामिल हैं।


दक्षिण चीन सागर पर दावा जताने वाले देश चीनी हैकर्स के निशाने पर

अमेरिका स्थित एक निजी साइबर सुरक्षा कंपनी ने बुधवार को जारी की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी है।

मैसाच्युसेट्स स्थित ‘रिकॉर्डेड फ्यूचर’ के चेतावनी अनुसंधान मंडल ‘इन्सिक्ट ग्रुप’ के अनुसार, हैकर्स के खास निशाने पर थाईलैंड का प्रधानमंत्री कार्यालय और सेना, इंडोनेशिया और फिलीपीन की नौसेनाएं, वियतनाम की नेशनल असेंबली और उसकी कम्युनिस्ट पार्टी का केंद्रीय कार्यालय तथा मलयेशिया का रक्षा मंत्रालय है।

समूह ने बताया कि दक्षिणपूर्व एशिया में हाई प्रोफाइल सैन्य और सरकारी संगठन को हैकर्स ने ‘फनीड्रीम’ और ‘चिनोक्सी’ जैसे सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल कर निशाना बनाया।

ये सॉफ्टवेयर सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं हैं लेकिन ऐसा माना जाता है कि चीन के सरकार प्रायोजित कई समूह इसका इस्तेमाल करते हैं।

चीन के विदेश मंत्रालय ने अभी इन आरोपों पर जवाब नहीं दिया है। पूर्व में चीनी प्राधिकारियों ने हैकिंग को सरकार द्वारा किसी भी रूप में समर्थन दिए जाने से लगातार इनकार किया है और इसके बजाय उनका कहना है कि चीन खुद साइबर हमलों का प्रमुख निशाना है।

‘इन्सिक्ट ग्रुप’ ने बताया कि मलयेशिया, इंडोनेशिया और वियतनाम शीर्ष तीन देश हैं, जो साइबर हमलों के निशाने पर हैं। साथ ही म्यांमार, फिलीपीन, लाओस, थाईलैंड, सिंगापुर और कम्बोडिया भी हैकर्स के निशाने पर हैं।

एपी
बैंकॉक


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment