कोरोना वायरस : दुनिया भर में दहशत, हांगकांग में मनोरंजन स्थल होंगे बंद

Last Updated 29 Jan 2020 05:37:04 AM IST

हांगकांग ने मंगलवार को कहा कि वह खेलकूद केंद्रों समेत सार्वजनिक स्थलों को बंद कर रहा है ताकि कोरोना वायरस को फैलने से रोका जा सके।


कोरोना वायरस : दुनिया भर में दहशत

अधिकारियों ने कहा कि बुधवार से सभी मनोरंजन स्थल भीड़ भाड़ से बचने के लिए अस्थाई तौर पर बंद रहेंगे। हांगकांग में इस संक्रमण से ग्रसित आठ लोगों का पता चला है। इनमें से छह लोग उस उच्च गति वाली रेल लाइन से यहां आए थे, जो चीन की मुख्यभूमि से इस क्षेत्र को जोड़ती है। शहर के सांस्कृतिक सेवा विभाग ने कहा कि खेलकूद केंद्र, मैदान, स्वी¨मग पूल, बीच, पिकनिक स्थल और सांस्कृतिक केंद्र एवं संग्रहालय बंद रहेंगे। यहां होने वाले कार्यक्रम भी आगामी नोटिस तक रद्द रहेंगे।

संरा ने चीन के प्रयासों को सराहा
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र नोवल कोरोनो वायरस के खिलाफ चीन के प्रयासों की सराहना करता है और प्रकोप को नियंत्रित करने की चीन की क्षमता पर संयुक्त राष्ट्र को पूरा भरोसा है। संयुक्त राष्ट्र में चीन के स्थायी प्रतिनिधि झांग जून के साथ अपनी बैठक में संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने कहा कि जरूरत की इस घड़ी में संयुक्त राष्ट्र चीन सरकार और लोगों के साथ एकजुटता के साथ खड़ा है।

कनाडा में पहले मामले की पुष्टि
कनाडा के स्वास्थ्य अधिकारियों ने देश में घातक कोरोना वायरस के पहले मामले की पुष्टि की और कहा कि मरीज की पत्नी की जांच के नतीजे पॉजिटिव आए हैं। महिला का मामला अभी भी संभावित सूची में है और एक राष्ट्रीय प्रयोगशाला द्वारा अंतिम पुष्टि की जानी है। करीब 20 लोगों के स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है। 22 जनवरी को वुहान से टोरंटो पहुंचे इस व्यक्ति को कोरोना वायरस का संक्रमण होने की पुष्टि की गई है।

जर्मनी : पहले मरीज में वायरस की पुष्टि
जर्मनी के दक्षिणी बेयर्न क्षेत्र में स्वास्थ्य अधिकारियों ने देश में घातक कोरोना वायरस के पहले मामले की पुष्टि की है। एक प्रवक्ता ने कहा, स्टार्नबर्ग क्षेत्र में एक व्यक्ति कोरोनो वायरस से संक्रमित पाया गया है। मरीज को एक अलग वार्ड में निगरानी में रखा गया है।  फ्रांस इस वायरस से प्रभावित होने वाला पहला यूरोपीय देश है, जहां तीन मामले सामने आए हैं। जर्मनी ने अपने नागरिकों को चीन में अनावश्यक यात्राओं से बचने की सलाह दी है।

थाईलैंड में छह नए मामले
थाईलैंड में छह और चीनी नागरिकों को कोरोनो वायरस के संक्रमण से ग्रस्त पाया गया है, जिससे देश में इस संक्रमण के पीड़ितों की कुल संख्या 14 हो गई है।
थाई स्वास्थ्य मंत्रालय के स्थाई सचिव डॉ. सुखुम कंचनाफिमई ने बताया कि छह चीनी पर्यटकों में कोरोना वायरस का संक्रमण पाया गया है। छह में से पांच हुबेई प्रांत के एक परिवार के सदस्य हैं, जो एक हफ्ते पहले थाईलैंड आए थे। उनमें से एक को कोरोना वायरस निमोनिया हुआ और उसने अन्य लोगों को संक्रमित किया। कंचनाफिमई ने बताया कि इसके साथ ही इस संक्रमण के पीड़ितों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है।
उन्होंने बताया कि पिछले पांच रोगी पूरी तरह ठीक हो गए हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गर्द है। बाकी सभी पीड़ितों को अलग रखा गया है। उन्होंने बताया कि 14 मामलों में से केवल एक चीनी नागरिक नहीं, बल्कि थाईलैंड का नागरिक है। वह हाल ही में कोरोना वायरस प्रकोप के उद्गम केंद्र वुहान गया था। कंचनाफिमाई ने बताया कि स्वास्थ्य अधिकारी देश में 20,000 चीनी पर्यटकों की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं।

एजेंसियां
हांगकांग


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment