माली में जिहादी हमले में यूएन के 10 शांति सैनिक शहीद

Last Updated 22 Jan 2019 03:13:45 AM IST

माली में संदिग्ध इस्लामिक आतंकवादियों के हमले में चाड से ताल्लुक रखने वाले संयुक्त राष्ट्र के 10 शांति सैनिक मारे गए। संयुक्त राष्ट्र ने यह जानकारी दी।


माली में जिहादी हमले में यूएन के 10 शांति सैनिक शहीद (सांकेतिक फोटो)

बीबीसी के मुताबिक इस घटना में चाड सेना के 25 अन्य सैनिक भी उस समय घायल हो गए जब बंदूकधारियों ने रविवार को अग्यूलहॉक में संयुक्त राष्ट्र कैम्प पर हमला कर दिया।
संयुक्त राष्ट्र ने कहा, हमले का करारा जवाब दिया गया।

माली में इस्लामिक आतंकवादियों से लड़ने के लिए संयुक्त राष्ट्र मिशन की नींव 2013 में पड़ी। आतंकवादी तब से आए दिन संयुक्त राष्ट्र के और माली के सैनिकों पर हमला करते हैं। मीडिया ने बताया, अल कायदा की उत्तरी अफ्रीकी शाखा, अल-कायदा इन द इस्लामिक मगरेब  ने कहा कि इसने नए हमले को अंजाम दिया है।

गुटेरेस ने निंदा की : संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने माली में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के एक शिविर पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है जिसमें चाड के 10 सैनिकों की मौत हो गई।

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने माली के अधिकारियों के साथ ही शांति समझौते के लिए हस्ताक्षरित सशस्त्र समूहों को इस हमले के अपराधियों की पहचान करने के लिए कहा है, ताकि जल्द से जल्द उन्हें न्याय के कटघरे में खड़ा किया जा सके।

गुटेरेस ने चाड सरकार और मृतकों के परिवारों और प्रियजनों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने माली में संयुक्त राष्ट्र के शांति मिशन में सेवारत पुरुषों और महिलाओं के समर्पण और साहस को श्रद्धांजलि दी।

एजेंसियां
बमाको (माली)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment