कांग्रेस और विपक्ष का प्रदर्शन देश में अराजकता, अस्थिरता पैदा करने की सोची-समझी रणनीति : भाजपा

Last Updated 11 Aug 2025 08:04:07 PM IST

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और पूर्व के चुनावों में कथित ‘‘वोट चोरी’’ के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर सोमवार को विपक्षी दलों की आलोचना की तथा उन पर देश में अराजकता पैदा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।


केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने यहां भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सत्तारूढ़ दल और निर्वाचन आयोग के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘‘वोट चोरी’’ के आरोप को ‘‘झूठ’’ करार दिया और कहा कि कांग्रेस इस तरह के हथकंडे अपना रही है, क्योंकि उसके पास कोई अन्य मुद्दा नहीं है।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गांधी पर ‘‘देश विरोधी ताकतों के दबाव में’’ काम करने का आरोप लगाया।

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘वह और ‘इंडी’ गठबंधन लोकतंत्र को बदनाम कर रहे हैं, उसकी धज्जियां उड़ा रहे हैं और संवैधानिक संस्थाओं की मर्यादाओं के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।’’     

प्रधान और चौहान, दोनों ही भाजपा के प्रमुख ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) चेहरे हैं।

प्रधान ने आरोप लगाया कि विपक्ष का प्रदर्शन देश में अस्थिरता पैदा करने के लिए एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल देश में अराजकता पैदा करना चाहते हैं।" उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता गांधी उन ‘‘बड़ी ताकतों’’ की भाषा बोल रहे हैं, जो देश में लोकतंत्र को नष्ट करना चाहती हैं।

प्रधान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल बिहार में चुनाव प्रक्रिया एवं मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण पर सवाल उठा रहे हैं तथा निर्वाचन आयोग के खिलाफ निराधार आरोप लगा रहे हैं, क्योंकि वे देश में ‘‘घुसपैठियों और विदेशियों’’ को मतदाता बनाना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘लोगों के मन में डर पैदा करके आप प्रधानमंत्री (नरेन्द्र) मोदी के नेतृत्व, जनता के फैसले और देश की संवैधानिक व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं डाल सकते।’’

प्रधान ने कांग्रेस और उसके सहयोगियों पर ‘‘अलोकतांत्रिक और जनविरोधी’’ राजनीति में लिप्त होने का आरोप लगाया और उनसे विपक्ष की भूमिका निभाने को कहा, जिसकी देश उनसे अपेक्षा करता है।

उन्होंने निर्वाचन आयोग के समक्ष शपथ पत्र में ‘‘वोट चोरी’’ के अपने आरोपों का सबूत साझा न करने के लिए गांधी की आलोचना की और कहा कि कांग्रेस नेता का यह रवैया देश के लोकतंत्र के लिए ‘‘बहुत चिंताजनक और घातक’’ है।

प्रधान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस राफेल लड़ाकू विमान, ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) से लेकर महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभाओं के चुनाव परिणामों तक कई मुद्दों पर झूठे दावे कर ‘‘झूठ का जाल’’ बुन रही है, क्योंकि 2014 से उसे चुनावों में लगातार हार मिली है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं कांग्रेस की दिशाहीनता पर गंभीर चिंता व्यक्त करता हूं। जो लोग संविधान की प्रति लेकर घूमते रहते हैं, क्या उन्होंने इसे नष्ट करने का मन बना लिया है? मैं इसकी कड़े शब्दों में निंदा करता हूं।’’

चौहान ने गांधी पर ‘‘बार-बार झूठ बोलने’’ का आरोप लगाया और उन पर देश में ‘‘अराजकता फैलाने’’ का आरोप लगाया।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं राहुल जी और ‘इंडी’ गठबंधन के नेताओं से पूछना चाहता हूं कि क्या कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस मतदाता सूची की गड़बड़ियों के कारण जीती? क्या तेलंगाना, तमिलनाडु और झारखंड में निर्वाचन आयोग की गलती के कारण सरकार बनी? क्या राहुल जी, प्रियंका (गांधी वाद्रा) जी और अखिलेश यादव जी भी मतदाता सूची की गड़बड़ियों के कारण चुनाव जीते हैं?’’

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा द्वारा मोदी सरकार को ‘‘कायर’’ कहे जाने तथा बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर (संसद में) चर्चा से भागने संबंधी आरोप के बारे में पूछे जाने पर प्रधान ने कहा कि देश के लोग ऐसे ‘‘असभ्य और अशोभनीय’’ शब्दों के इस्तेमाल पर गौर करेंगे।

उन्होंने भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा, ‘‘कांग्रेस इस बात से दुखी है कि (नेहरू-गांधी) परिवार सत्ता खो बैठा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ऐसी हताशा तो स्वाभाविक ही है, जब परिवार का कोई व्यक्ति जमानत पर बाहर हो और कोई अन्य भारत के संसाधनों की लूट के मामले में जेल जाने का इंतजार कर रहा हो।’’

मंत्री ने कहा कि सरकार संसद में ऐसे किसी भी मुद्दे पर, ‘‘जो संभव हो’’, चर्चा के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर निर्वाचन आयोग में सुधारों की बात हो तो हम चर्चा कर सकते हैं, लेकिन इस पर नहीं कि चुनाव कैसे हो रहे हैं, जो एक नियमित प्रक्रिया है।’’ उन्होंने सवाल किया, ‘‘क्या हम उच्चतम न्यायालय के कामकाज पर चर्चा कर सकते हैं?’’

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment