इंडोनेशिया सुनामी में भारी तबाही, अब तक 373 की मौत

Last Updated 25 Dec 2018 06:48:32 AM IST

इंडोनेशियाई अधिकारियों ने शनिवार रात द्वीप समूह के पश्चिमी हिस्से में सुंडा स्ट्रेट तट पर आई विनाशकारी सुनामी में 373 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है।


सुनामी में तबाह हुई सुमुर गांव की एक बस्ती में अपना सामान तलाशते लोग।

इसमें 1459 लोग घायल हो गए हैं। आपातकालीन दलों ने सोमवार को फिर से राहत कार्य शुरू कर दिया है।

नेशनल एजेंसी फॉर डिजास्टर मैनेजमेंट (बीएनपीबी) द्वारा जारी नवीनतम आंकड़े के अनुसार, सुनामी में अन्य 128 लोग लापता और 11,687 लोग विस्थापित हुए हैं। बीएनपीबी ने कहा है कि अभी भी मलबे के नीचे कुछ लोग दबे पड़े हुए हैं।

इंडोनेशिया के अनक क्राकाटोआ ज्वालामुखी के पास के तटीय निवासियों को दिन की शुरुआत में तटों से दूर रहने के लिए चेताया गया है। ऐसा सुनामी के फिर से आने की आशंकाओं के मद्देनजर किया गया है।

बीएनपीबी ने कहा, मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान, भू-भौतिकी एजेंसी की सिफारिश है कि लोगों को समुद्र तट पर गतिविधियां नहीं करनी चाहिए और कुछ समय के लिए तटों से दूर रहना चाहिए। अभी फिर से सुनामी आने की संभावना बनी हुई है, क्योंकि अनक क्राकाटोआ से ज्वालामुखी स्फोट जारी है, जिससे सुनामी आने की आशंका है।

शनिवार की आपदा में 611 घरों, 69 होटलों, 60 दुकानों व 420 नौका को नुकसान पहुंचा है। ऐसा माना जा रहा है कि सुंडा स्ट्रेट में अनक क्राकाटोआ ज्वालामुखी में स्फोट की वजह से पानी के नीचे भूस्खलन शुरू हुआ।

गुटेरेस ने संवेदना जताई : संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने इंडोनेशिया में आई सुनामी में मारे गए लोगों और घायलों को लेकर संवेदना जताई। उन्होंने घायलों के जल्द ठीक होने की भी कामना की। उन्होंने कहा, संयुक्त राष्ट्र राहत एवं बचाव कार्यों में मदद के लिए तैयार है।

 

एजेंसियां
जकार्ता


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment