किस्मत

Last Updated 18 Oct 2019 04:28:56 AM IST

बहुत सारे लोगों ने अपने जीवन को इस तरह व्यवस्थित किया हुआ है कि उन्हें जीवन में जो चाहिए, उनके पास वो है।


जग्गी वासुदेव

यह अलग बात है कि आने वाले समय में वह कोई और चीज हासिल करना चाहते हों। जो लोग ऐसा कर पाने में सफल नहीं हो पाते, वे ऐसे तर्क देते हैं -‘मुझे जो चाहिए था, मुझे नहीं मिला, यह मेरी किस्मत है।’ अगर यह किस्मत है तो आप शिकायत क्यों कर रहे हैं? अगर यही किस्मत है तो इसे ऊपर बैठ कर किसी ने तय किया होगा। फिर आप शिकायतें क्यों करते हैं? आपको पता है ऐसा क्यों महसूस होता है? क्योंकि आम का मौसम न होने पर भी आप आम खाना चाहते हैं। केले हैं, अमरूद हैं लेकिन आपको आम ही चाहिए, जबकि वह आम का मौसम नहीं है। जब तक आम का मौसम आता है आप केले खा सकते हैं, मगर आप बैठकर रोते रहते हैं कि मुझे तो बस आम ही चाहिए, आम तो दो महीने बाद आएंगे। पर कुछ लोग ऐसे होते हैं जो इंतजार नहीं करना चाहते। वे आम के पेड़ इस तरह से लगा लेते हैं कि उनके पेड़ पूरे साल आम देते रहते हैं।

ये आम संख्या में कम होते हैं, स्वाद में भी थोड़े कमतर होते हैं, लेकिन हां इतना तय हो जाता है कि पूरे साल आपको आम मिलते रहते हैं। बस यही जीवन है। कई बार बहुत सी चीजें जो आप चाहते हैं, बाद में मिलती है, लेकिन उस वक्त आपके पास बहुत सारी दूसरी चीजें होती हैं। समस्या यह है कि आप हमेशा एक खास चीज पर ही निगाहें गड़ाए रहते हैं। आप एक ऐसी चीज की इच्छा करते रहते हैं, जिसे हासिल करने की क्षमता आपके पास नहीं है, लेकिन उसके अलावा भी तो बहुत चीजें हैं आपके आसपास। ये धरती लोगों के जीवन को अच्छे से सहारा दे सकती है।

आप कहेंगे-पर इस दुनिया में बहुत सारे ऐसे लोग हैं जो बिना भोजन के मर रहे हैं। वो इसलिए है कि एक छोटी सी जगह पर लाखों लोग एक साथ रहते हैं। मसलन आप मुंबई जाकर देखें। एक छोटी सी जगह में डेढ़ करोड़ लोग रह रहे हैं। क्या इसलिए कि उन्हें एक दूसरे से प्यार है और वे एक दूसरे के बिना रह नहीं सकते? नहीं, वे एक दूसरे का गला काट देने को तैयार हैं, फिर भी साथ रहते हैं। तो यह सब प्रेम की वजह से नहीं है, इसकी वजह एक खास किस्म का लालच या एक खास किस्म की मजबूरी है। तो अगर कोई उस शहर की गति के साथ कदम मिलाकर नहीं चल पा रहा है तो हो सकता है वह भूखा रह जाए।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment