ग्रह दशा : मंगलवार से शनि चलेंगे सीधी चाल

Last Updated 29 Sep 2020 03:28:39 AM IST

सितम्बर महीने में कई ग्रहों ने अपनी राशियां बदली हैं। बुध, गुरु और राहु-केतु के बाद अब शनि अपनी चाल बदलने वाले है।


पंडित चंद्र प्रकाश अग्निहोत्री ज्योतिष विशारद

29 सितम्बर को शनि मार्गी होने जा रहे हैं यानी अब शनि अपनी सीधी चाल चलना शुरू करेंगे। अब तक शनि वक्री थे, वर्तमान में धनु राशि पर शनि की साढ़ेसाती का अंतिम ढैया चल रहा है। मकर पर दूसरा और कुंभ राशि पर साढ़ेसाती का पहला चरण चल रहा है। इसके अलावा तुला और मिथुन राशि पर लघु कल्याणी ढैया चल रहा है। शनि के गोचर, साढ़ेसाती और महादशा का हमारे जीवन पर बहुत गहरा असर होता है। इसके प्रभाव से न सिर्फ  मनुष्य बल्कि प्रकृति में भी बड़े बदलाव होते हैं। ये बदलाव शुभ और अशुभ दोनों हो सकते हैं। 22 जनवरी 2021 तक उत्तराषाढ़ा नक्षत्र में शनि रहेंगे जो सूर्य का नक्षत्र है, सूर्य और शनि शत्रु हैं। इस दौरान कुछ नई समस्याएं उभर सकती हैं। सतर्क रहें। 22 जनवरी से श्रवण नक्षत्र में जाएगा, जो चंद्र का नक्षत्र है। शनि-चंद्र भी शत्रु हैं। 23 सितम्बर से राहु और केतु भी राशि बदल रहे हैं। 23 से ही शनि-केतु का 3 और 11 का संबंध रहेगा, अर्थात पराक्रम और लाभ का संबंध। वहीं, 20 नवंबर से गुरु  और शनि साथ में आ जाएंगे। 23 सितम्बर से राहु की शनि पर दृष्टि रहेगी। शनि का मार्गी होना न्यायपालिका के कार्यों में तेजी यानी कोर्ट कचहरी में सुचारू रूप से ब्यवस्था  प्रारंभ होना, रेल यात्रा की ब्यवस्था में तेजी  और कोरोना वैक्सीन आ सकती है। प्रतियोगी परीक्षाओं के रिजल्ट के साथ साथ ही नौकरियों की भर्तिया होंगी । विश्व के कई देश न्यायपूर्ण कार्यप्रणाली में आगे आएंगे। आतंक का प्रसार करने वाले देशों का विरोध होगा। इन सभी का आपकी राशि पर क्या होगा असर। जानिए-

मेष: मेष राशि के दशम भाव में शनि मार्गी होगा। आर्थिक संकट काफी हद तक दूर होगा। नौकरी में जो तनाव और उतार-चढ़ाव बना हुआ है, वह कम होगा। रोगों से मुक्ति मिलने वाली है। सबसे बड़ी बात आपकी आजीविका का संकट दूर होगा। स्थितियां अनुकूल होने लगेंगी। विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में उन्नति प्राप्त होगी। विवाह का योग बनेगा।
वृषभ: वृषभ राशि के नवम भाव में शनि मार्गी होने जा रहे हैं। यह भाग्य भाव है। यहां शनि के मार्गी होने से आपको भाग्य का साथ तो मिलेगा लेकिन गति धीमी रहेगी। अपनी वाणी में मधुरता लाएं। आपकी लव लाइफ भी मजबूत होगी। आपके रिश्ते अच्छे रहेंगे। परिवार में आपको महत्व मिलने वाला है। बिजनेस और नौकरी में लाभ मिलेगा। अपनी पसंद का काम मिलने से मन प्रसन्न रहेगा। आर्थिक रुकावटें खत्म होंगी। साझेदारी में किए गए बिजनेस से लाभ मिलना प्रारंभ हो जाएगा। पारिवारिक सहयोग अच्छा मिलेगा। प्रॉपर्टी, ऑटोमोबाइल से जुड़े बिजनेस में परिवर्तन से लाभ मिलने वाला है।
मिथुन: मिथुन राशि के जातकों के अष्टम भाव में शनि मार्गी होने वाला है। इस राशि के स्वामी शनि के मित्र हैं, आपकी राशि पर शनि की ढैया चल रही है। इसलिए काम पर फोकस करें। बेवजह के कार्यों में समय और धन खर्च ना करें। यदि आप स्मार्ट और हार्ड वर्क करेंगे तो प्रसिद्धि मिलने वाली है।  इसलिए अपनी सेविंग्स बढ़ाएं। अपनी वाणी पर संयम रखें।
कर्क :  सप्तम भाव में शनि मार्गी हो रहा है। यहां से आपके पारिवारिक, निजी, दोस्तों, रिश्तेदारों, पड़ोसियों से रिश्तों में सुधार की संभावना बनेगी। हालांकि अपने बिजनेस पार्टनर के साथ आपके वाद-विवाद बढ़ सकते हैं। युवाओं को अपने करियर पर ध्यान देना है। यदि आप कोई बिजनेस करना चाहते हैं तो शनि से संबंधित काम में अच्छा लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इस दौरान आपका भाग्य मजबूत रहेगा। जॉब बदलने के लिए समय ठीक है। कार्यों को आगे टालने की प्रवृत्ति छोड़नी होगी। नए रिश्ते संबंध बनेंगे। अचानक कहीं यात्राएं करनी पड़ सकती हैं। आय के नए स्रोत प्राप्त होंगे।
सिंह : सिंह राशि के जातकों के लिए शनि छठे भाव में मार्गी होने जा रहा है। यह भाव रोग, शत्रु और कर्ज का स्थान है। आप लंबे समय से अगर रोगों से जूझ रहे हैं तो आपको उसमें राहत मिलने वाली है। कर्ज से परेशान हैं तो ध्यान रखिए कर्ज पूरी तरह समाप्त हो नहीं होगा, लेकिन आय के नए स्रोत मिलने से सेविंग्स बढ़ेगी। इस दौरान शत्रु आपका कुछ बिगाड़ नहीं पाएंगे, हालांकि वे कोशिश बहुत करेंगे। अपनी सफलता से दूसरों को नीचा दिखाने की कोशिश ना करें। पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ में तालमेल बनाकर चलना होगा।
कन्या: आपके लिए शनि पांचवें घर में मार्गी होंगे। यहां संतान और शिक्षा का भाव है। शिक्षा के लिहाज से अब समय अनुकूल आ रहा है। वक्री शनि के कारण शिक्षा के क्षेत्र पर बुरा असर देखना पड़ा। बच्चों से लेकर कॉलेज और प्रोफेशनल एग्जाम तक इस दौरान प्रभावित हुए, लेकिन अब धीरे-धीरे स्थितियां सुधार की तरफ बढ़ रही हैं। पारिवारिक जीवन में अपनी संतानों के मन की बातों को समझकर चलना होगा। उनसे दोस्त बनकर व्यवहार करें। किसी भी प्रकार की तनावपूर्ण बातें उनके साथ आपके संबंध बिगाड़ सकती है। इस समय में आपको पुराने निवेश से लाभ मिलने वाला है। यदि कोई नया बिजनेस शुरू करना चाहते हैं तो शनि से संबंधित कार्य आपको लाभ दे सकते हैं।
 तुला- तुला राशि से शनि का लघु कल्याणी ढैया चल रहा है और शनि आपके चतुर्थ स्थान में मार्गी होने जा रहा है। यह सुख स्थान है। इसलिए संभव है आपके सुखों में वृद्धि करे। अपने बिजनेस को बढ़ाने के लिए आपने अभी तक जो भी प्रयास किए और उनमें लाभ नहीं मिला तो अब 29 सितम्बर के बाद से आपको उसका शुभ फल मिलने वाला है, लेकिन आपको कार्य में कुछ बदलाव लाना होगा। मार्केट के हिसाब से रिसर्च करके अपने काम में बदलाव करेंगे तो लाभ मिलेगा। जॉब में बदलाव संभव है।
वृश्चिक: आपके लिए शनि तृतीय स्थान  में मार्गी होने जा रहा है। पराक्रम, भाई-बहन के घर में मार्गी रहेंगे। इस दौरान आपका आत्मविश्वास मजबूत रहेगा। भाई-बहनों से संबंध अच्छे रहेंगे। प्रेम संबंधों में टकराहट आ सकती है, इससे बचने के लिए अपने पार्टनर पर किसी प्रकार का शक करने से बचें। ऐसे लोगों से दूर रहें जो हर वक्त आपका हौसला पस्त करने की कोशिश करते हों। यदि बिजनेस को करने के लिए यदि आप कर्ज लेने जा रहे हैं तो अपनी सीमाओं का ध्यान रखते हुए ही कर्ज लें। सेहत का विशेष ध्यान रखना होगा।
धनु: शनि आपके धन स्थान में मार्गी होने वाले हैं। माता-पिता और परिवार के बुजुर्गों के सहयोग से प्रॉपर्टी के मसले हल होंगे। परिवार के साथ रिश्तों में सुधार का लाभ अनेक जगहों पर आपको मिलने वाला है। शनि के वक्री होने के समय से चल रहा आर्थिक संकट दूर होने वाला है। धन आगमन के नए मार्ग खुलेंगे। अचानक कहीं से बड़ी धन राशि प्राप्त हो सकती है। भाग्य का साथ मिलने से असंभव कार्यों को भी संभव कर पाएंगे। नौकरीपेशा लोगों को जॉब में बदलाव होगा। शत्रुओं की साजिश से बचकर रहें।
मकर: शनि इसी राशि में मार्गी हो रहा है और इसी राशि का स्वामी भी है। यहां शनि के मार्गी होने से शश नामक राजयोग बन रहा है, जो आपके लिए विशेष लाभदायी होने वाला है। यदि आप शनि से जुड़े कार्यों में लगे हैं तो लाभ मिलेगा। आपके संपर्कों में वृद्धि होगी, जिसका लाभ आपको बिजनेस में मिलेगा। सेहत में थोड़ी गिरावट आ सकती है। उन्नति के दरवाजे आपके लिए खुलने वाले हैं। लंबे समय से अटकी हुई इच्छा पूरी होने वाली है। नए बिजनेस, जॉब मिलने वाला है। शिक्षा के क्षेत्र में सफलता मिलेगी। खुद को कमजोर न समझें। अपनी काबिलियत को पहचानें और आत्मविश्वास से आगे बढ़ें।
कुंभ: कुंभ राशि के लिए शनि द्वादश भाव में मार्गी हो रहा है। यह भाव खर्च का भाव है। इसलिए आपको अपने खर्चों को रोकना होगा। बेवजह के व्यय करेंगे तो भविष्य के लिए कुछ बचाना मुश्किल हो जाएगा। हालांकि आय के स्रोत बढ़ेंगे। अपने वर्कप्लेस में अधिक अच्छे मौके मिलेंगे। अपने सपनों को साकार करने का मौका मिलेगा लेकिन उसमें आपको भरोसेमंद लोगों का साथ लेना पड़ेगा। पैतृक संपत्ति के विवादों का निपटारा होगा। पारिवारिक माहौल अच्छा रहेगा। धर्म-कर्म के कार्यों में मन लगेगा। वाहन दुर्घटना की स्थिति रहेगी, इसलिए वाहन चलाते समय सावधानी रखें। विद्यार्थियों के लिए समय उत्तम है।
मीन: मीन राशि के लिए शनि आय स्थान यानी ग्यारहवें भाव में मार्गी होने जा रहे हैं। आर्थिक संकट दूर होगा। खर्च अधिक होने के बावजूद आय अच्छी रहने से लाभपूर्ण स्थिति में रहेंगे। कर्ज लेने से बचें। परिवर्तन करना चाहते हैं तो उसे कर डालिए। अपने बिजनेस और जॉब में धैर्य रखते हुए आगे बढ़ें, लाभ की स्थितियां बनती जा रही हैं। इसके लिए आपको लगातार प्रयास करते रहना होगा। कार्यों को टालने की आदत छोड़ दें। जॉब में वेतन वृद्धि, प्रमोशन मिलेगा, अपने काम पर फोकस करें। वाहन चलाते समय सावधानी रखें। किसी भी काम में जल्दबाजी ना करें। अपनी वाणी को कटु न होने दें।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment