सम्राट पृथ्वीराज चौहान में नजर आएंगी पद्मिनी कोल्हापुरी

Last Updated 04 Jun 2025 10:58:35 AM IST

फिल्म इंडस्ट्री को एक से बढ़कर एक फिल्म देने वाली बीते जमाने की मशहूर अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरी 11 साल बाद छोटे पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं।


पद्मिनी ‘चक्रवर्ती सम्राट पृथ्वीराज चौहान’ में राजमाता की भूमिका में नजर आएंगी। अभिनेत्री ने बताया कि राजमाता के किरदार के लिए उन्होंने कैसे और क्या तैयारी की।  पद्मिनी ने बताया कि राजमाता की भूमिका उनके करियर का एक खास अनुभव रहा है।

उन्होंने इस किरदार को निभाने के लिए खूब मेहनत की। अभिनेत्री ने बताया, मैंने ऐतिहासिक किताबें, लोक कथाएं और डॉक्यूमेंट्री देखी ताकि उस दौर को समझ सकूं। राजमाता सिर्फ पृथ्वीराज की मां ही नहीं थीं, बल्कि उनकी ताकत और मार्गदर्शक भी थीं। एक मां के तौर पर मैं उनकी भावनाओं को समझ सकती हूं। इस किरदार को निभाना मेरे लिए बड़ी जिम्मेदारी थी।

पद्मिनी ने मजाकिया अंदाज में बताया कि उन्होंने इस विषय पर इतना सर्च किया कि उनका फोन अब भी सिर्फ पृथ्वीराज और उस युग से जुड़ी चीजें ही सुझाता है। उन्होंने राजमाता की शांत ताकत और गरिमा को पर्दे पर लाने के लिए हर छोटी-बड़ी बात पर ध्यान दिया।

टेलीविजन पर वापसी को लेकर उत्साहित पद्मिनी कोल्हापुरी ने कहा, चक्रवर्ती सम्राट पृथ्वीराज चौहान की दुनिया में कदम रखना मेरे लिए बेहद खास है, न केवल इसलिए कि मैं इसमें दमदार भूमिका निभा रही हूं, बल्कि इसलिए भी कि यह लगभग 11 वर्षो के बाद टेलीविजन पर मेरी वापसी है।

टेलीविजन पर मेरा सफर सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के साथ शुरू हुआ था और अब, इतने सालों के बाद मैं उसी चैनल पर एक ऐसी भूमिका के साथ लौट रही हूं, जो चुनौतीपूर्ण और संतोषजनक दोनों है। ‘चक्रवर्ती सम्राट पृथ्वीराज चौहान’ पृथ्वीराज के जीवन पर आधारित है, जो एक राजकुमार से एक महान योद्धा बनने की कहानी को दिखाता है।

यह शो उनकी चुनौतियों, जीत और उस विरासत को दिखाएगा, जिसने उन्हें इतिहास में अमर कर दिया। शो में पद्मिनी कोल्हापुरी के साथ अनुजा साठे, रोनित रॉय और रूमी खान जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं।

यह शो भारत के वीर योद्धा पृथ्वीराज चौहान की कहानी को पर्दे पर जीवंत करेगा और 4 जून से सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर प्रसारित होगा।

समयलाइव डेस्क
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment