नेताओं, फिल्म कलाकारों ने अभिनेता गिरीश कर्नाड के निधन पर जताया शोक

Last Updated 10 Jun 2019 11:57:57 AM IST

नेताओं, थियेटर कलाकारों और फिल्मी हस्तियों ने सोमवार को गिरीश कर्नाड को तेज तर्रार लेखक, अभिनेता और निर्देशक बताया जिन्होंने कला और सिनेमा के क्षेत्र में अमिट छाप छोड़ी।


राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रख्यात नाटककार और अभिनेता गिरीश कर्नाड के निधन पर सोमवार को शोक जताते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में उन्हें उनके काम के लिए हमेशा याद किया जाएगा। कोविंद ने कहा कि कर्नाड के निधन से भारत का सांस्कृतिक जगत सूना हो गया है।    

कोविंद ने ट्वीट किया, ‘‘लेखक, अभिनेता और भारतीय रंगमंच के सशक्त हस्ताक्षर गिरीश कर्नाड के देहावसान के बारे में जानकार दुख हुआ है। उनके जाने से हमारे सांस्कृतिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। उनके परिजनों और उनकी कला के अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं।’’    



मोदी ने कहा कि कर्नाड को सभी माध्यमों में उनके बहुमुखी अभिनय के लिए याद किया जाएगा।  उन्होंने ट्विटर पर कहा, ‘‘वह उन मुद्दों पर भी भावुकता से बोलते थे जो उन्हें प्रिय लगते थे। आने वाले सालों में उनका काम की लोकप्रियता बनी रहेगी। उनके निधन से दुखी हूं।’’  

  

दक्षिण के अभिनेता - नेता कमल हासन ने भी वरिष्ठ लेखक और निर्देशक की प्रशंसा की।  हासन ने ट्वीट किया, ‘‘गिरीश कर्नाड, उनकी पटकथा दोनों मुझे प्रेरणा देती हैं। उनसे प्रेरित कई लेखक हैं।’’         



साहित्य अकादमी के अध्यक्ष चंद्रशेखर काम्बर ने कहा कि कर्नाड के रूप में उन्होंने अपना ‘‘खास दोस्त’’ खो दिया है।         

रंगमंच कलाकार इब्राहिम अलकाजी के पुत्र फैसल अलकाजी ने उन्हें खास पारिवारिक दोस्त बताया। उन्होंने कर्नाड के मशहूर नाटक ‘‘तुगलक’’ का निर्देशन किया था।         

मशहूर गायिका लता मंगेशकर ने भी कर्नाड को श्रद्धांजलि अर्पित की। मंगेशकर ने ट्वीट किया, ‘‘मुझे प्रतिभाशाली अभिनेता, निर्देशक, लेखक गिरीश कर्नाड जी के निधन के बारे में जानकारी मिली। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें।’’         

 

फिल्म ‘‘मंथन’’ और ‘‘निशांत’’ में कर्नाड का निर्देशन करने वाले मशहूर फिल्म फिल्मकार श्याम बेनेगल ने कहा कि वह काफी दुखी हैं और बेंगलुरू जाने की योजना बना रहे हैं ताकि अपने लंबे समय के दोस्त को अंतिम श्रद्धांजलि दे सकें।  बेनेगल ने कहा, ‘‘मैं काफी दुखी हूं। मैं बोल पाने की स्थिति में नहीं हूं।’’         

अभिनेता नसीरूद्दीन शाह, निर्देशक दीपा मेहता, अभिनेता अनिल कपूर, नंदिता दास, प्रभुदेवा सहित बॉलीवुड की कई हस्तियों ने भी कर्नाड को श्रद्धांजलि दी।

कर्नाड का बेंगलुरु में लंबी बीमारी के बाद 81 साल की उम्र में सोमवार को निधन हो गया।


 

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment