सरोकार : अमेरिका में महिलाओं को खासा प्रतिनिधित्व

Last Updated 06 Dec 2020 12:25:23 AM IST

अमेरिका में निर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडेन की कैबिनेट में पहले दौर के नामांकन हो गए हैं। काफी खुशी की बात है कि कैबिनेट में अब तक करीब 60 फीसद सीटों पर महिलाओं को चुना गया है।


सरोकार : अमेरिका में महिलाओं को खासा प्रतिनिधित्व

इससे पहले बाइडेन कह चुके हैं कि उनकी कैबिनेट असली अमेरिका की तस्वीर होगी। कमला हैरिस को तो लोग जानते ही हैं। वह उपराष्ट्रपति बनाई जाएंगी। उनके बारे में यह भी सभी जानते हैं कि वह अमेरिका की पहली महिला उपराष्ट्रपति हैं और इस पद पर पहुंचने वाली पहली अफ्रीकी अमेरिकी एशियाई भी।
अब कुछ दूसरे नाम। ट्रेजरी सेक्रेटरी के पद के लिए जेनेट येलेन को नामांकित किया गया है। वह अर्थशास्त्री हैं और फिलहाल अमेरिकन इकोनॉमिक एसोसिएशन की प्रमुख हैं। संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत के तौर पर लिंडा थॉमस ग्रीनफील्ड नामांकित की गई हैं। वह 30 साल राजदूत रह चुकी हैं और 2013 से 2017 तक अमेरिका के ब्यूरो ऑफ अफ्रीकन अफेयर्स विभाग में अफ्रीकी मामलों की सहायक सचिव रही हैं। तीसरी महिला हैं एवरिल हैन्स। अमेरिका के नेशनल इंटेलिजेंस विभाग में अब तक कोई महिला निदेशक नहीं रही है। बाइडेन ने इस पद के लिए हैन्स को नामांकित किया है। वैसे ओबामा प्रशासन में वह सीआईए की उपनिदेशक रह चुकी हैं। और इस पद पर पहुंचने वाली पहली महिला हैं।
बाइडेन ने ऑफिस ऑफ मैनेजमेंट एंड बजट के सचिव के तौर पर एक महिला को नामांकित किया है, वह भी भारतीय हैं। नाम है नीना टंडन। वह पहली वीमैन ऑफ कलर हैं, जिन्हें इस पद के लिए नामांकन मिला है। प्रवासी भारतीय माता-पिता की संतान नीना राजनीतिक सलाहकार और पूर्व सरकारी अधिकारी हैं।  

अमेरिकी इतिहास में पहली बार है कि कम्यूनिकेशन रोल्स में महिलाओं को रखा जा रहा है। जैसे प्रेस सचिव के तौर पर जेनिफर साकी को नामांकन मिला है। ओबामा प्रशासन में भी वह व्हाइट हाउस की संचार निदेशक रह चुकी हैं। ओबामा की ट्रैवेलिंग प्रेस सचिव भी रह चुकी हैं। बाइडन का व्हाइट हाउस में संचार निदेशक का काम केट बेडिंगफील्ड को सौंपने का इरादा है। वह बाइडेन के कैंपेन का कामकाज संभाल चुकी हैं। इससे पहले उन्होंने सहायक संचार निदेशक, मीडिया मामलों की उपनिदेशक और व्हाइट हाउस में ओबामा के डायरेक्टर ऑफ रिस्पांस के पद पर काम किया है। वैसे, संचार विभाग में सारी महिलाओं को चुना गया है। उप संचार निदेशक पिली तोबार, मुख्य उप प्रेस सचिव कैरीन जीन पियरे और एलिजाबेथ अलेक्जेंडर, जो फस्र्ट लेडी जिल बाइडन की संचार निदेशक होंगी। उपराष्ट्रपति निर्वाचित कमला हैरिस की वरिष्ठ संचार अधिकारी होंगी, अशले एटिएने और सायमन सैंडर्स।  
वैसे, अमेरिका से पहले लिथुआनिया में अच्छे लैंगिक संतुलन वाले कैबिनेट के बनने की उम्मीद की जा रही है। वहां की संभावित प्रधानमंत्री इनिगड्रा सायमॉनिट ने कहा है कि उनकी कैबिनेट में आधे के करीब महिलाएं होंगी। उनसे पहले की सरकार की कैबिनेट में सिर्फ  पुरुष मंत्री थे। दुनिया के कई देशों में कैबिनेट पदों पर महिलाओं का अच्छा खासा प्रतिनिधित्व है। स्पेन में महिला मंत्रियों की संख्या 62.5 फीसद है। वहां छह मंत्री पुरुष हैं और दस महिलाएं। निकारागुआ में कैबिनेट में सात पुरुष हैं और 10 महिलाएं। स्वीडन की कैबिनेट में 10 पुरुष और 12 महिला मंत्री हैं। रवांडा में 25 मंत्रियों में से 13 महिलाएं हैं। कोलंबिया की मौजूदा सरकार में आठ पुरुष और आठ महिला मंत्री हैं।

माशा


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment