चंद्रयान-2 : चांद पर देखने से पहले

Last Updated 16 Jul 2019 04:45:21 AM IST

आधुनिक विज्ञान के व्यापक अध्ययन और शोध के क्षेत्रों में से एक अंतरिक्ष-विज्ञान है। पुराने जमाने में धरती पर से ग्रहों-नक्षत्रों को देखते हुए ज्योतिर्विज्ञानियों ने अंतरिक्ष के बारे में जानकारी पाने की कोशिशें कीं।


चंद्रयान-2 : चांद पर देखने से पहले

बीसवीं सदी तक इतनी जानकारी मिल चुकी थी कि इंसान अंतरिक्ष में छलांग लगाने के लिए तैयार हो गया। पिछले सात दशकों से पहले रूस, अमेरिका और अब कई और मुल्कों में धरती से निकल कर अंतरिक्ष में जा कर शोध करने की कोशिशें जारी हैं। चांद पर पहली बार अमेरिकी यान अपोलो 11 उतरा था। चांद पर कदम रखने वाले पहले इंसान नील आर्मस्ट्रांग ने इसे एक इंसान का छोटा कदम और मानवता की लंबी छलांग कहा था। भारत में अंतरिक्ष शोध संस्थान ने पिछली सदी में मौसम की जानकारी के लिए रॉकेट-यानों को आकाश में भेजा और इस सदी में चांद और मंगल तक यान भेजे गए। हाल में चांद तक जाने के लिए चंद्रयान-को तैयार किया गया है। इसे रविवार 14 जुलाई को आकाश में भेजा जाना था, पर कुछ खामियों की वजह से भेजने में कुछ और देर का निर्णय लिया गया है।
सूक्ष्म से स्थूल तक कुदरत के हर कतरे पर तरह-तरह के सवाल करते हुए जानकारी इकट्ठी करना विज्ञान का मकसद है। अंतरिक्ष इसी का एक पहलू है। पर आम लोग इसे अंतरिक्ष में साहसी अभियान की तरह और राष्ट्रीय गौरव के साथ जोड़ कर देखते हैं। चांद या अंतरिक्ष में दीगर ग्रहों-नक्षत्रों के बारे में हमें काफी जानकारी दूसरे मुल्कों द्वारा भेजे यानों से मिल चुकी है। हर कोशिश कुछ और नई जानकारी लाती है। 2008-09 में भेजे पहले चंद्रयान-2 की खोजों से चांद की मिट्टी में धातुओं की मौजूदगी के अलावा कहीं पानी (बर्फ) होने की संभावना का पता चला है। यह यान आज भी 250 कि.मी. की ऊंचाई पर धरती के चक्कर काट रहा है। हालांकि अब इससे कोई जानकारी नहीं मिलती है।

तक़रीबन पौने चार टन वजन के चंद्रयान-2 को श्रीहरिकोटा द्वीप के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से उछाला जाना है। इसके एक हिस्से का चांद के दो बड़े गड्ढों के बीच उतरना तय है। उतरते ही एक छोटी गाड़ी चल पड़ेगी, जिसे रोवर कहते हैं। यह रोवर घूम-फिर कर चांद की मिट्टी के नमूने इकट्ठे करेगा। इस बार भी हमें चांद की मिट्टी में मौजूद रसायनों और ज़मीन-हवा के बारे में बेहतर जानकारी मिलेगी। बर्फ  है या नहीं, है तो कितनी है, इस पर फिर से खोज चलेगी। रोवर के अलावा, सौ कि.मी. की ऊंचाई से चांद के चक्कर लगाता ऑरबाइटर फोटो लेता रहेगा। इस जानकारी को धरती पर तमाम वैज्ञानिकों को भेजा जाएगा।
अंतरिक्ष अभियानों से जो जानकारी आती है, उसे लेकर वैज्ञानिकों में कौतूहल रहता है, शोध में तरक्की होती है, जैसा कि दीगर और विषयों में होता है। पर आम लोगों को महज यह बतलाया जाता है कि अब भारत सॉफ्ट लैंडिंग या बिना किसी झटके के चांद पर उतरने वाला चौथा मुल्क बन गया है। चंद्रयान-2 पर कुल खर्च करीब 1000 करोड़ रु पये का लगा है। करोड़ों रु पये खर्च कर ऐसे अभियानों में हमें शिरकत करनी चाहिए या नहीं, इस पर काफी बहस चलती रहती है। अभियान को राष्ट्रीय गौरव के साथ जोड़ना अपने आप में विरोधाभास है, क्योंकि दरअसल विज्ञान का मकसद सारी मानवता की भलाई है। भारत के संविधान में वैज्ञानिक सोच बढ़ाने की बात कही गई है, जिसका आधार सवाल करते रहना है। ऐसी सोच से समाज के निहित स्वार्थों को खतरा है, क्योंकि सवालों का सिलसिला कुदरत से होते हुए समाज तक आ पहुंचाता है। संकीर्ण राष्ट्रवाद की सोच आज भी धरती के तमाम मुल्कों में हावी है और विज्ञान की जगह टेक्नोलॉजी पर ही ज्यादा जोर दिया जाता है, जिसके साथ विज्ञान का सीमित संबंध है।
देश के तीन-चौथाई बच्चे आज भी ऊंची तालीम यानी कॉलेज तक नहीं पहुंच पाते हैं, जो पहुंचते हैं, उनमें से एक चुनिंदा छोटे हिस्से को विज्ञान पढ़ने और शोध की ट्रेनिंग का मौका मिलता है। जाहिर है कि इस तरह ज्यादातर प्रतिभावान बच्चे विज्ञान की तालीम लेने से छूट जाते हैं। हाल ही में केंद्रीय विज्ञान मंत्री ने कहा है कि देश में हजारों वैज्ञानिकों के पद खाली पड़े हुए हैं। सरकार के वायदों के विपरीत शोध अनुदानों में कटौती की गई है और शोध करने वालों को पहले से अनुमोदित पैसे भी अक्सर महीनों या सालों बाद मिलते हैं। राजनैतिक नेता समाज में फैले गैर-वैज्ञानिक माहौल को बढ़ाते रहते हैं और अक्सर पेशेवर वैज्ञानिक या तो योग्यता के अभाव से या समझौतापरस्ती से इसमें मदद करते हैं। हर बार अंतरिक्ष में कोई रॉकेट या यान भेजने से पहले शोध संस्थान के निर्देशक तिरु पति पहुंच कर पूजा करते हैं। इस बार भी मौजूदा निर्देशक के. शिवन ने ऐसा ही किया। ऐसा करना ग़्ालत नहीं है, क्योंकि धर्म-संस्कृति हमारी पारंपारिक जीवन-शैली का हिस्सा है, पर ऐन यान भेजने से पहले ऐसा करते हुए इसे राष्ट्रीय चर्चा का विषय बनाना यह दिखलाता है कि जान-बूझकर विज्ञान से इतर कर्मकांड को विज्ञान के साथ जोड़ा जा रहा है।
अंतरिक्ष हो या कुदरत का और कोई भी पहलू हो, ऊंचे स्तर का शोध चलते रहना चाहिए। जब तक तालीम के खित्ते में गैरबराबरी रहेगी, यह संभव नहीं है। लोगों को झूठे राष्ट्रीय गौरव में उलझाए रख कर सरकारें अपना गोरखधंधा चलाती रहती हैं, पर इससे देश का नुकसान ही होता है। समाज में विज्ञान की जागरूकता कैसे फैले, इस पर सोचना ज़रूरी है। राष्ट्रीय स्तर के हर अखबार में कम से कम हफ्ते में एक बार विज्ञान की खोजों पर पन्ना निकलना चाहिए। आज आम पत्रकारिता में अक्सर ग़्ालत जानकारियां ही आती रहती हैं और समाज को वैज्ञानिक सोच के विपरीत अंधविश्वासों की ओर धकेला जाता है। जल्दी ही चंद्रयान-2 को अंतरिक्ष में भेज जाएगा और नियत समय पर वह चांद पर पहुंच जाएगा। यह पूरी तरह से भारतीय अभियान तो नहीं होगा, क्योंकि इसके पीछे रूसी मदद भी है। ऐसा कोई भी अभियान किसी एक मुल्क का नहीं होता है। अमेरिकी अंतरिक्ष शोध-संस्था नासा में भी दुनिया भर से पढ़-लिख कर आए सैकड़ों वैज्ञानिक काम करते हैं, जिनमें कई भारतीय भी हैं। उम्मीद यही है कि चंद्रयान-2 को भी चांद पर भारत का झंडा फैलाने के नज़रिए तक सीमित न रख कर इसे मानवीय मेधा और तरक्की के कदम की तरह देखा जाएगा।

लाल्टू


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment