लेह जाने वाला इंडिगो का एक विमान गुरूवार सुबह तकनीकी समस्या के कारण राष्ट्रीय राजधानी लौट आया। एक सूत्र ने यह जानकारी दी।
उड़ानों पर नजर रखने वाली वेबसाइट फ्लाइटराडार24.कॉम पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दिल्ली से लेह जाने वाली उड़ान 6ई2006 का परिचालन करने वाला ए320 विमान दो घंटे से अधिक समय तक आसामान में रहने के बाद राष्ट्रीय राजधानी लौट आया।
इंडिगो के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, "19 जून 2025 को दिल्ली से लेह के लिए रवाना होने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई 2006 तकनीकी समस्या के कारण मूल स्थान पर लौट आई। नियमों के अनुसार, पायलट विमान को वापस दिल्ली ले आया।”
प्रवक्ता ने यह भी कहा कि परिचालन फिर से शुरू करने से पहले विमान की आवश्यक जांच की जा रही है।
प्रवक्ता ने कहा, "इस बीच, यात्रियों को लेह ले जाने के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई है।"
उन्होंने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया।
विमान में सवार यात्रियों की संख्या के बारे में तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी।