शेयर बाजार में गिरावट जारी, सेंसेक्स खुलते ही 2100 अंक लुढ़का, निफ्टी 7900 से नीचे आया

Last Updated 19 Mar 2020 10:39:53 AM IST

कोरोना वायरस महामारी के चलते गुरूवार को भी देश के शेयर बाजारों का बुरा हाल रहा और बीएसई सेंसेक्स सूचकांक शुरुआती कारोबार के दौरान 2100 अंकों से अधिक गिर गया, जबकि एनएसई निफ्टी ने 7900 का स्तर तोड़ दिया।


शेयर बाजार में गिरावट जारी (फाइल फोटो)

रुपया भी शुरुआती कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले 60 पैसे टूटकर 74.87 के भाव पर आ गया।      

सेंसेक्स में 2152 अंकों की गिरावट के बाद थोड़ा सुधार आया और सुबह साढे नौ बजे यह 1812.19 अंकों या 6.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ 27,057.32 पर कारोबार कर रहा था।    इसी तरह एनएसई निफ्टी 520.85 अंकों या 6.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ 7,947.95 पर था।    

पिछले सत्र में 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 1,709.58 अंकों या 5.59 प्रतिशत की गिरावट के साथ 28,869.51 पर बंद हुआ था। इसी तरह 50 शेयरों पर आधारित निफ्टी 498.25 अंकों की गिरावट  के साथ 8,468.80 पर बंद हुआ था।      

बजाज फाइनैंस में सबसे अधिक 12 प्रतिशत की गिरावट हुई। इसके अलावा एचसीएल टेक, इंडसइंड बैंक, कोटक बैंक और एमएंडएम में भी गिरावट हुई, जबकि पावरग्रिड और एनटीपीसी में तेजी आई।      

कारोबारियों के मुताबिक यूरोपीय केंद्रीय बैंक (ईसीबी) का 750 अरब यूरो का राहत पैकेज निवेशकों के भरोसे को जगाने में नाकाम रहा। शंघाई, हांगकांक, सियोल और तोक्यो के शेयर बाजारों में भी आठ प्रतिशत तक गिरावट देखने को मिली।       

कारोबारियों के मुताबिक, घरेलू बाजार से विदेशी निवेशकों की बिकवाली लगातार जारी है। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार सकल आधार पर विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 5,085.35 करोड़ रुपये की बिकवाली की।      

इस बीच वायदा बाजार में बेंट क्रूड 1.61 प्रतिशत की तेजी के साथ 25.28 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर कारोबार कर रहा था।

भाषा
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment