राजनाथ की पाकिस्तान को दो टूक
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को पाकिस्तान को अपनी हद में रहने की चेतावनी दी। उन्होंने साफ-साफ कहा कि पाकिस्तान अपनी घरेलू समस्याओं पर ज्यादा ध्यान दे, तो बेहतर होगा।
![]() राजनाथ की पाकिस्तान को दो टूक |
साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि पाकिस्तान की जो हालत है उसे देखते हुए समझना मुश्किल नहीं कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को वापस लेने के लिए भारत को अब ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं है। ऐसा नहीं है कि रक्षा मंत्री ने ही पाकिस्तान को अपना घर संभालने और पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) को वापस भारत में शामिल करने को लेकर बयान दिया है।
इससे पहले गृह मंत्री अमित शाह ने भी कहा था कि पीओके का मतलब केवल पाक अधिकृत कश्मीर नहीं बल्कि अक्साई चिन भी है। जम्मू में नेशनल सिक्योरिटी से जुड़े एक प्रोग्राम में रक्षा मंत्री के तेवर काफी सख्त दिखे। दरअसल, पाकिस्तान अपनी करतूतों से बाज नहीं आ रहा है।
भारत में दहशतगर्दी फैलाने, आतंकी गतिविधियों में सीधे तौर पर उसकी संलिप्तता और निर्दोष लोगों का खून बहाने की साजिश रचने की उसकी ओछी हरकत अभी भी बंद नहीं हुई है।
हालांकि मोदी सरकार के आने के बाद कश्मीर में आतंकवादी वारदातों में कमी तो आई है, मगर अभी भी वह चीन के इशारे पर भारत में अमन की राह में सबसे बड़ा रोड़ा बना हुआ है। चूंकि उसकी घरेलू स्थिति बेहद दयनीय और आर्थिक हालात काफी जर्जर हैं, लिहाजा उससे ध्यान हटाने के वास्ते यह भारत में हिंसा कराता है।
मगर अब पहले जैसे हालात नहीं रहे। भारत पाकिस्तान की हर साजिश और धत् कर्मो का मुंहतोड़ जवाब देता है। उन्होंने इस बात को दोहराया भी कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में मुल्क ने दहशतगर्दी के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। पाकिस्तान दरअसल, चीन के उकसावे पर भारत को अस्थिर करना चाहता है।
उसे इस बात का इल्म नहीं कि वर्षो से भारत के खिलाफ साजिश रचने के बावजूद भारत की तरक्की की चहुंओर चर्चा होती है। भारत की उपलब्धि कमाल की रही है। इसके उलट पाकिस्तान आहिस्ता-आहिस्ता पीछे ही जा रहा है। अगर उसे बेहतर बनना है तो हिंसा का रास्ता त्यागना होगा। अब यह कैसे होगा, ये सारी बातें उसी पर निर्भर करती हैं।
अलबत्ता, भारत को अब कमजोर समझना उसकी मूर्खता ही है। रक्षा मंत्री का पीओके पर दो टूक हो सकता है पाकिस्तान के हुक्मरानों को समझ में आ जाए।
Tweet![]() |