इंजीनियरिंग से मोहभंग

Last Updated 09 Feb 2023 01:50:23 PM IST

भारत के विश्वगुरु बनने की राह कोई क्षेत्र खोल सकता है तो वह है उच्च शिक्षा। इसमें भी महत्त्व की बात करें तो प्रमुख हैं मेडिकल और इंजीनियरिंग शिक्षा।


इंजीनियरिंग से मोहभंग

मेडिकल शिक्षा का जो हाल है, वह रूस- यूक्रेन युद्ध और कोविड काल में उजागर हो गया था जब यूक्रेन और चीन से हजारों मेडिकल छात्रों को लौटना पड़ा था। उन्हें आज तक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इंजीनियरिंग शिक्षा की जहां तक बात है, तो देश में इसके विद्यार्थियों में इसे लेकर मोहभंग के हालात हैं। इंजीनियरिंग में स्नातक पाठय़क्रम में दाखिलों में भारी गिरावट आई है। यह गिरावट दर्ज करने वाला अकेला अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम है।

ऑल इंडिया हायर एजुकेशन सर्वे की एक हालिया रिपोर्ट का आकलन है कि 2016-17 के मुकाबले 2020-21 में इंजीनियरिंग में दाखिलों में 10 फीसदी गिरावट आई और ये 40.85 लाख से घट कर 36.63 लाख रह गए हैं। यह सव्रे केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने कराया है। स्नातक स्तर पर अन्य सभी पाठय़क्रमों में दाखिलों में वृद्धि हुई है, लेकिन इंजीनियरिंग के दाखिलों में गिरावट आई है। भारत में हाल के वर्षो में इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए छात्रों के बीच काफी क्रेज था। बीए और बीएससी के बाद इसका ही नंबर था।

उस समय धड़ाधड़ इंजीनियरिंग कॉलेज खुले लेकिन आज स्थिति इसके बिल्कुल उलट है। आज इंजीनियरिंग कॉलेज धड़ाधड़ बंद हो रहे हैं। देखें तो सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग की ही कुछ पूछ बाकी रह गई है। अन्य स्ट्रीम में तो इंजीनियर कोई दूसरा रोजगार करने पर मजबूर हैं। 2014 के बाद से जो स्थितियां रही हैं, उनसे इंजीनियरिंग कार्यक्रम के पिछड़ने की झलक मिलने लगी थी। इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के साथ तो सिविल इंजीनियरों की पूछ बढ़नी चाहिए थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

इससे छात्रों की कोर्स में रुचि घट गई। बजट में भी टेक्नालॉजी आधारित विकास की बात कही गई है, लेकिन छात्र इस क्षेत्र में भी रोजगारों को लेकर खास उत्साहित नहीं हैं। साइंस और तकनीक की पढ़ाई करने के बाद छात्रों को पांच साल ट्रेन होने में लगते हैं। छात्रों के माता-पिता को भी लगने लगा है कि यह रास्ता सही नहीं है। इसलिए वे अपने बच्चों को इंजीनियरिंग पढ़ने के लिए बढ़ावा नहीं दे रहे। बीटेक और बीई की कठिन परीक्षा देने के बावजूद छात्रों को अच्छी नौकरी के लिए भटकना पड़ता है।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment