जापान से बढ़ता सहयोग
भारत और जापान आर्थिक, कारोबारी और ऊर्जा क्षेत्र समेत अनेक क्षेत्रों में सहयोग पर सहमत हुए हैं।
![]() जापान से बढ़ता सहयोग |
दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के बीच ‘सार्थक’ बातचीत के उपरांत छह समझौतों पर शनिवार को हस्ताक्षर किए गए। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके जापानी समकक्ष फुमियो किशिदा ने संयुक्त रूप से मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि भारत-जापान भागीदारी को और गहन करना न सिर्फ दोनों देशों के लिए महत्त्वपूर्ण है, बल्कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र और पूरे विश्व के स्तर पर शांति, समृद्धि और स्थिरता को प्रोत्साहन देने के लिए भी जरूरी है।
जापान के प्रधानमंत्री किशिदा शनिवार को एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ नई दिल्ली पहुंचे। कोरोना महामारी से बदले वैश्विक परिदृश्य और रूस-यूक्रेन युद्ध से उभरे हालात के मद्देनजर किशिदा की भारत यात्रा महत्त्वपूर्ण है, जिससे दोनों मित्र देशों के संबंधों को नया आयाम मिलेगा। दोनों देश वैश्विक घटनाक्रम के असर से स्वयं को बचाए रखने को तत्पर हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा भी है कि विश्व अब भी कोरोना और उसके दुष्प्रभावों से जूझ रहा है, और वैश्विक अर्थव्यवस्था के पटरी पर लौटने की प्रक्रिया में अड़चनें आ रही हैं, और भू-राजनीतिक घटनाएं नई चुनौतियां पेश कर रही हैं। जापान के प्रधानमंत्री किशिदा ने यूक्रेन पर रूसी हमले को गंभीर बताया। उन्होंने भारत और जापान को ‘खुले एवं मुक्त’ हिंद-प्रशांत के लिए साथ मिलकर काम करने का आह्वान किया। जापान 2014 में तय की गई निवेश प्रोत्साहन साझेदारी के तहत अगले पांच साल में भारत में 3,20,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगा। भारत के पूर्वोत्तर के लिए सतत विकास की पहल में भी भागीदारी कर रहा है।
2017 में भारत-जापान एक्ट ईस्ट फोरम की स्थापना कर चुके हैं, जिसका मकसद पूर्वोत्तर भारत में चल रही परियोजनाओं के बीच समन्वय करना है। हाल के वर्षो में भारत में जापानी निवेश सरकार के स्तर पर भी बढ़ा है, और निजी स्तर पर भी। देश में समर्पित माल ढुलाई गलियारा (फ्रेट कॉरिडोर) और मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल परियोजना जैसी महत्त्वाकांक्षी परियोजाएं जापान के सहयोग से क्रियान्वित की जा रही हैं। स्टार्टअप भारत का महत्त्वपूर्ण लक्षित क्षेत्र है, जिसमें जापान उल्लेखनीय योगदान कर रहा है।
अब दोनों देश स्वच्छ ऊर्जा साझेदारी को भी नये स्तर पर ले जाने पर सहमत हुए हैं। इसके तहत जापान इलेक्ट्रिक वाहनों की बैटरी मुहैया कराने में सहयोग करेगा। बेशक, भारत और जापान परस्पर सहयोग की नई इबारत लिख रहे हैं। कह सकते हैं कि दोनों मित्र देशों के बीच आपसी समझ और सामरिक सहयोग समय के साथ परिपक्व हो रहे हैं।
Tweet![]() |