कांग्रेस का दांव

Last Updated 21 Oct 2021 01:08:02 AM IST

उत्तर प्रदेश में अपना खोया जनाधार पाने की जद्दोजहद में लगी कांग्रेस ने अब नया दांव आजमाया है।


कांग्रेस का दांव

पार्टी ने ऐलान किया है कि विधानसभा चुनाव में महिलाओं को 40 फीसद टिकट दिया जाएगा यानी 403 सीटों वाली विधानसभा में कांग्रेस करीब 160 सीट आधी आबादी को देगी। कांग्रेस का यह दांव ठीक ममता बनर्जी के आजमाए गए फामरूले से प्रेरित दिखता है। चुनाव सुधारों व लोकतंत्र की मजबूती के लिए काम करने वाले ‘नेशनल इलेक्शन वॉच’ के मुताबिक वर्ष 2017 में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में कुल 453 महिला उम्मीदवारों ने किस्मत आजमाई थी, जिनमें से 40 उम्मीदवार चुनी गई थीं।

इनमें भाजपा की 34, कांग्रेस और बसपा की दो-दो तथा अपना दल और सपा की एक-एक महिला प्रत्याशी चुनाव जीती थी। कांग्रेस उत्तर प्रदेश में अपनी पुरानी हनक को पाने के लिए लगातार बेसब्र है। लखीमपुर की घटना को लेकर प्रियंका गांधी ने जिस तरह की आक्रामक राजनीति की, उससे बाकी विपक्षी दलों में काफी घबराहट देखी जा रही है।

अब महिलाओं को कुल सीटों की 40 फीसद टिकट देने की घोषणा से यहां की लड़ाई काफी रोचक हो गई है। अब जिस तरह की संभावना दिखती है, हो सकता है प्रियंका गांधी खुद वहां से खड़ी लड़ने के बारे में सोच रही हों। अगर ऐसा होगा तो निश्चित तौर पर सत्तारूढ़ भाजपा के अलावा सत्ता वापसी की चाह रखने वाली समाजवादी पार्टी और बसपा को भी अपनी रणनीति में बदलाव करने के लिए विवश होना पड़ेगा।

इतना तो तय है कि दिल्ली का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर गुजरता है। 2024 में आम चुनाव से पहले अगर उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने थोड़ा-बहुत भी सीटों की संख्या में इजाफा कर लिया तो देश की सियासी तस्वीर कुछ और होगी। खैर, इस बाबत अभी कुछ भी कयास लगाना जल्दबाजी होगी, लेकिन इतना तो तय है कि कांग्रेस आसानी से भाजपा या विपक्ष को सीटें नहीं जीतने देगी। इन सबके बावजूद कांग्रेस के लिए पुरानी चमक और दमक पाना टेढ़ी खीर होगी।

पार्टी आला कमान को सबसे पहले आंतरिक मोच्रे पर जीत हासिल करनी होगी। किसी तरह पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अंदरूनी कलह को खत्म करना होगा। यहां यह भी देखना होगा कि बाकी दल कांग्रेस के इस कदम का मुकाबला कैसे करते हैं? क्या वाकई 40:60 का फामरूला कांग्रेस की किस्मत बदल देगा? इस बात का इंतजार रहेगा।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment