पर्यटन को झटका

Last Updated 13 May 2020 12:04:24 AM IST

कोविड 19 वैश्विक महामारी ने अर्थव्यवस्था के जिन क्षेत्रों का संकट ज्यादा बढ़ाया है, उनमें पर्यटन उद्योग प्रमुख है।


पर्यटन को झटका

लॉक-डाउन मतलब सम्पूर्ण गतिविधियों का ठप हो जाना। इसमें कहीं देश की सीमा के अंदर और बाहर जाना-आना प्रतिबंधित हो जाता है। बिना लॉक-डाउन के शारीरिक दूरी बनाए रखने का भी अर्थ एक जगह से दूसरी जगह जाने से ज्यादा से ज्यादा बचना है। तो इसका सीधा असर पर्यटन पर पड़ना ही है। इसलिए संयुक्त राष्ट्र के विश्व पर्यटन संगठन (यूएनडब्ल्यूटीओ) के इस रिपोर्ट से किसी को आश्चर्य नहीं हुआ होगा कि कोविड 19 महामारी के कारण 2020 में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन में 60 से 80 प्रतिशत की गिरावट आ सकती है।

अगर संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन का आकलन है कि महामारी के चलते 2020 की पहली तिमाही के दौरान अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की आवाजाही में 22 प्रतिशत की गिरावट हो चुकी है तो फिर समूचे वर्ष में गिरावट का अनुपात ज्यादा होना निश्चित है। हालांकि क्षेत्रों के अनुसार इसमें थोड़ा अंतर है। मसलन, हिन्द प्रशांत क्षेत्र में जितनी गिरावट है उतनी यूरोप में नहीं है। संगठन के अनुसार मार्च में कई देशों में लॉक-डाउन की शुरु आत के बाद पर्यटकों के आवागमन में 57 प्रतिशत तक की कमी आ चुकी है। इसका मतलब है कि यह क्षेत्र ज्यादा दुष्प्रभावित होगा।

यह तो सच है कि इस अवधि के दौरान ही यात्रा प्रतिबंधों और हवाई अड्डों तथा राष्ट्रीय सीमाओं को बंद करने की व्यापक शुरुआत हुई। जाहिर है, यह क्षेत्र चूंकि काफी संख्या में प्रत्यक्ष-परोक्ष रोजगार देता है इसलिए लाखों की संख्या में लोगों की आजीविका खतरे में है। संयुक्त राष्ट्र संगठन की मानें तो यह खतरे में पड़ सकता है। मोटा-मोटी आकलन है कि पर्यटन की गिरावट से विश्व को 910 अरब डॉलर से 1200 अरब डॉलर के बीच क्षति हो सकती है।

वैसे यूएनडब्ल्यूटीओ के महासचिव जुरब पोलोलिकाशविली ने कह दिया है कि दुनिया एक अभूतपूर्व स्वास्थ्य और आर्थिक संकट का सामना कर रही है, पर्यटन सबसे अधिक प्रभावित हुआ है और अर्थव्यवस्था के सबसे अधिक श्रम-आधारित इस क्षेत्र में लाखों नौकरियां खतरे में हैं। हमारा मानना है कि तत्काल मूल लक्ष्य लोगों की जिंदगी बचानी है और जब तक यह सुनिश्चित नहीं होती; इसके सामाजिक-आर्थिक परिणामों को भुगतने के सिवा हमारे पास कोई चारा नहीं है।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment