जवानों की शहादत

Last Updated 24 Mar 2020 01:31:25 AM IST

छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित सुकमा जिले के चिंतागुफा थाना क्षेत्र में सत्रह जवानों की शहादत ने पूरे देश में क्षोभ और दुख का माहौल पैदा किया है।


जवानों की शहादत

कोरोना महामारी से जूझते देश में यह खबर उस तरह की सुर्खियां नहीं बन पाई, पर हाल के समय का यह सबसे बड़ा माओवादी हमला है। दुख की बात यह है कि कई घंटों तक सुरक्षा बलों को यह पता ही नहीं था कि उनके जवान हैं कहां।

रविवार यानी 22 मार्च को इनकी तलाश के लिए 500 जवानों की टीम को भेजा गया था, जिन्होंने जवानों के शव बरामद किए। जितनी जानकारी आई है, उसके अनुसार सुकमा के मिनपा इलाके में माओवादियों के बड़े जमावड़े की सूचना पर शुक्रवार यानी 20 मार्च की शाम को अलग-अलग कैंपों से करीब 550 जवान जंगल में गए थे।

माओवादियों को इसकी भनक लग गई थी। इसलिए उन्होंने वापसी के रास्ते पर इनको घेर कर मारने की व्यूह रचना कर रखी थी। कसालपाड़ और मिनपा के बीच कोटपाड़राज रेंगापारा के पास स्थित चार तालाबों की मेड़ के पीछे इनका एंबुश लगा था। जवान अलग-अलग सौ से डेढ़ सौ की टीमों में चल रहे थे। एक टीम माओवादियों के एंबुश में फंस गई। कल्पना की जा सकती है कि अचानक गोलियों और बमों के हमले में फंसे जवानों को संभलने में समय लगा होगा और वे बिखरे भी होंगे।

चूंकि माओवादी चारों तरफ से थे और उनकी संख्या तीन सौ के आसपास थी, इसलिए वे भारी पड़ गए। जवानों की गोलियां भी खत्म हो गई। हालांकि ऐसा नहीं हो सकता कि कोई माओवादी उसमें हताहत न हुआ हो पर उनकी संख्या के बारे में कुछ पता नहीं है। माओवादी जवानों के 15 हथियार भी लूट कर ले गए जिनमें 12 एके 47 रायफल और एक अंडर बैरल ग्रेनेड लांचर (यूबीजीएल) शामिल हैं। कुल मिलाकर माओवादियों ने इस हमले से साफ कर दिया है कि उनकी शक्ति खत्म नहीं हुई है।

हालांकि पिछले पांच वर्षो में देशभर में माओवादियों की कमर तोड़ने में बड़ी सफलता मिली है, लेकिन छत्तीसगढ़ में सरकार बदलने के बाद माओवाद विरोधी नीतियों में नरमी बरती गई थी। शायद इसका लाभ उठाकर माओवादियों ने वहां अपने को संगठित किया है। माओवादियों की इस चुनौती का सामना केवल छत्तीसगढ़ नहीं, बल्कि पूरे देश को करना है। सरकारें भले बदल जाएं लेकिन सभी पार्टयिों को यह समझना होगा कि माओवाद आंतरिक सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा है और इनसे बगैर निष्ठुरता के आप निपट नहीं सकते।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment