सकारात्मक सोशल मीडिया

Last Updated 03 Mar 2020 06:04:47 AM IST

राजधानी दिल्ली के हालात अब धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं, लेकिन बीते रविवार की शाम को ट्विटर, वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए हिंसा और दंगों की अफवाहों का बाजार ऐसा गर्म हुआ कि लोगों में एक बार फिर डर और दहशत पैदा हो गई।


सकारात्मक सोशल मीडिया

हालांकि पुलिस और शहर के प्रबुद्ध नागरिकों की त्वरित कार्रवाई से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। असामाजिक तत्व नये सिरे से सांप्रदायिक हिंसा फैलाने में बुरी तरह नाकाम रहे। इस पूरे घटनाक्रम में एक नई प्रवृत्ति यह दिखाई दी कि जहां सोशल मीडिया के जरिए अफवाहें फैलाई गई वहीं दूसरी ओर इसी सोशल मीडिया के जरिए अफवाहों का खंडन भी किया गया। सबसे पहले डीसीपी वेस्ट ने ट्विट किया कि अफवाह सबसे बड़ा दुश्मन है। पश्चिमी दिल्ली के ख्याला-रघुवीर नगर क्षेत्र में तनाव की अफवाहें फैलाई जा रही हैं, लेकिन ये बेबुनियाद हैं, और इनमें जरा भी सच्चाई नहीं है। आम तौर पर अफवाह फैलने को इस सूत्र के जरिए समझा जा सकता है। अफवाह=महत्त्व+अस्पष्टता यानी अफवाह फैलने के जो मुद्दे हैं, उनका लोगों के सामाजिक-राजनीतिक जीवन में कितना महत्त्व है और उस मुद्दे को लेकर स्थितियां अस्पष्ट हैं। जाहिर है कि दिल्ली में भड़का सांप्रदायिक दंगा ऐसा मुद्दा है, जिससे पूरा जनजीवन प्रभावित हुआ है। सभी को अपने परिवार की चिंता थी। इसलिए लोगों के लिए यह अहम मुद्दा है जिसके बारे में सभी के मन में जिज्ञासा रहती है कि अब तक कितने दंगाई पकड़े गए हैं, स्थिति काबू में है या नहीं है।

बीते रविवार को फैली अफवाह के बारे में पुलिस और प्रशासन ने स्थिति को स्पष्ट करने में तनिक भी देरी नहीं की। पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी कि अफवाह अराजक तत्वों के द्वारा फैलाई जा रही है, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। इसी तरह तिलक नगर के विधायक जरनैल सिंह ने ट्विट करके कहा कि माहौल बिल्कुल शांत है। राजेंद्र नगर विधायक राघव चडढा ने भी यह ट्विट करते हुए स्थिति स्पष्ट की कि कुछ शरारती और असामाजिक तत्व शांति व्यवस्था बिगाड़ने के लिए अफवाहें फैला रहे हैं। इस तरह की अफवाह दिल्ली से सटे प्रदेश हरियाणा में भी फैलाई गई। वहां एक लेखक अद्वेत काला ने तुरंत मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को ट्विट करके  आगाह किया। मुख्यमंत्री ने तुरंत उसे पुलिस के पास फॉर्वड किया। इस तरह वहां कोई अनहोनी नहीं हुई। सोशल मीडिया की यह सकारात्मक भूमिका आने वाले दिनों में भी अफवाहों को रोकने का काम करेगी।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment