नहीं हुई घुसपैठ

Last Updated 15 Jul 2019 06:55:15 AM IST

थल सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत द्वारा स्पष्टीकरण के बाद इस विवाद का अंत हो जाना चाहिए कि चीन ने भारतीय सीमा में घुसपैठ किया है।


नहीं हुई घुसपैठ

देश में इस बात को लेकर तीखी बहस हो रही थी कि आखिर चीन ने हमारी सीमा में घुसपैठ कैसे कर ली? पहले आई खबर के अनुसार लद्दाख के डेमचोक सेक्टर में चीनी सेना ने घुसपैठ की थी। दरअसल, तिब्बतियों के धर्मगुरु  और भारत में निर्वासित दलाई लामा के जन्मदिवस पर हर वर्ष हमारे यहां अनेक कार्यक्रम होते हैं और चीन उसका विरोध भी करता है। भारत के बौद्ध उन्हें अपना धर्मगुरु  मानते हैं। छह जुलाई को उनके जन्मदिवसर पर अनेक कार्यक्रम हुए।

तिब्बती और उनके समर्थक डेमचोक सेक्टर में तिब्बती झंडा फहराकर उत्सव मना रहे थे। यह वास्तविक नियंत्रण रेखा के पास है। जैसा जनरल रावत ने कहा कि चीनी अपनी मानी जाने वाली वास्तविक नियंत्रण रेखा पर आते हैं और गश्त करते हैं। हम उन्हें रोकते हैं। कई बार स्थानीय स्तर पर जश्न समारोह होते हैं। वे उन्हें भी देखने आ जाते हैं। यानी यह एक सामान्य गतिविधि है, जिसे जबरन घुसपैठ के तौर पर देखा जाना उचित नहीं है। डेमचोक सेक्टर में तिब्बतियों के जश्न की ओर कुछ चीनी यह देखने आए थे कि क्या हो रहा है? जाहिर है, वे वापस भी चले गए। इसे आप जिस रूप देखिए।

तिब्बतियों का जश्न चीनियों को स्वीकार नहीं होगा यह सच है। वे दलाई लामा को चीनी राष्ट्र का विरोधी और विध्वंसक तक कहते हैं। उनका मानना है कि दलाई लामा तिब्बत के माध्यम से चीन में विद्रोह भड़काने की कोशिश करते रहते हैं। किंतु भारत की सीमा के अंदर हो रही गतिविधियों पर वे केवल प्रतिक्रिया व्यक्त कर सकते हैं, कोई कार्रवाई नहीं। चीनी राष्ट्रपति शि जिनिपंग ने डोकलाम विवाद के बाद भारत के साथ राजनीतिक स्तर पर विश्वास का संबंध बनाने की कोशिश की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को वुहान में अनौपचारिक बातचीत के लिए बुलाया।

तब से किसी तरह के तनाव की घटना नहीं हुई है। अब वे स्वयं यहां उसी तरह की अनौपचारिक वार्ता के लिए आने वाले हैं। बावजूद यदि उनकी सेना घुसपैठ करती है तो हमारी सेना उसका जवाब देने में सक्षम है। हमें अपनी सेना और राजनीतिक नेतृत्व पर विश्वास करना चाहिए। कोई देश की संप्रभुता से समझौता नहीं कर सकता। किंतु खुली नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर कुछ बातें होतीं रहतीं हैं, जिसे उसी रूप में लेने की आवश्यकता है।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment