जनता है चौकीदार

Last Updated 20 Mar 2019 05:17:16 AM IST

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की नाव यात्रा सुर्खियां पा रही हैं तो यह स्वाभाविक ही है। प्रियंका के हर कार्यक्रम पर मीडिया की नजर रहेगी। यह उनके पक्ष में जाता है।


जनता है चौकीदार

किंतु क्या वह जो कुछ बोल रहीं हैं, उनका अर्थ मतदाता उसी अनुसार लेंगे? सबसे ज्यादा सुर्खियां उनके चौकीदार वाले बयान को मिला है। उनका कहना है कि गरीब नहीं अमीर रखते हैं चौकीदार। पिछले कुछ समय से राहुल गांधी ‘चौकीदार चोर है’ का नारा हर सभा में लगवाते हैं। इसका अर्थ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से होता है, जिन्होंने खुद को चौकीदार कहा था। अब भाजपा ने इसका जवाब देने की रणनीति के तहत ‘हम भी हैं चौकीदार’ का अभियान चला दिया और सभी नेताओं के ट्विटर हैंडल बदल गए। उसके बाद से करोड़ से ज्यादा लोग स्वयं को चौकीदार घोषित कर चुके हैं और यह सिलसिला जारी है। साफ है कि भाजपा कांग्रेस को जवाब दे रही है कि अगर आप ‘चौकीदार चोर है’ कहते हो तो हम सारे चौकीदार हैं। इसमें प्रियंका गांधी वाड्रा के बयान का तात्पर्य क्या हो सकता है? चौकीदार का अर्थ केवल रात को पहरा देने वाला नहीं होता। इसका अर्थ व्यापक है। प्रियंका शायद यह संदेश देना चाहती है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गरीबों के नहीं, केवल अमीरों के चौकीदार हैं। कांग्रेस लगातार मोदी पर उद्योगपतियों, पूंजीपतियों के पक्ष में काम करने वाला प्रधानमंत्री होने का आरोप लगाती है। संकेतों में प्रियंका ने उसी बात को आगे बढ़ाने की कोशिश की है। उनके बयान को बहुत समर्थन मिला हो ऐसा समाचार कहीं से नहीं आया।

संकेतों की भाषा सभी लोग नहीं समझते। चुनाव में सीधे-सीधे बात करना ही सही रणनीति हो सकती है। प्रियंका का लक्ष्य अभी कांग्रेस को अधिकाधिक वोट दिलवाना है। इसलिए बात ऐसी होनी चाहिए, जिससे लोग भाजपा की बजाय कांग्रेस को वोट देने का मन बनाएं। इस दृष्टि से विचार करें तो यह निष्कर्ष निकालना कठिन होगा कि प्रियंका अपनी यात्रा के बयानों से वोट पाने लायक माहौल बनाने में कामयाब हो रहीं हैं। चौकीदार के उनके बयान के बाद भाजपा ज्यादा आक्रामक हो गई है और प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से उन सारे लोगों से संवाद करने जा रहे हैं, जिन्होंने स्वयं को चौकीदार घोषित किया है। संवाद की तारीख आते-आते इनकी संख्या बहुत ज्यादा हो जाएगी। कांग्रेस जरा सोच-समझकर मुद्दे बनाए, अन्यथा भाजपा अपनी रणनीति से उसका लाभ ज्यादा उठा लेगी।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment