IND vs ENG 5th Test : रोहित व शुभमन के शतकों से भारत की स्थिति मजबूत

Last Updated 09 Mar 2024 06:41:56 AM IST

कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल के शतकों की मदद से भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें और आखिरी क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन शुक्रवार को आखिरी सत्र में विकेट जल्दी गिरने के बावजूद अपनी स्थिति मजबूत करते हुए आठ विकेट पर 473 रन बना लिए।


धर्मशाला : इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टेस्ट मैच में शतक जमाने पर शुभमन गिल को बधाई देते कप्तान रोहित शर्मा। रोहित शर्मा ने भी शतक जमाया।

भारत ने आखिरी सत्र में 97 रन के भीतर पांच विकेट गंवाए। इससे पहले रोहित (162 गेंद में 103 रन) और गिल (150 गेंद में 110 रन) ने दूसरे विकेट के लिए 244 गेंद में 171 रन जोड़े।
पहला टेस्ट खेल रहे देवदत्त पड्डिकल ने 103 गेंद में 65 रन बनाए जबकि सरफराज खान ने 60 गेंद में 56 रन बनाने के बाद चाय के बाद पहली ही गेंद पर अपना विकेट गंवा दिया। भारत ने एक विकेट पर 135 रन से आगे खेलते हुए दूसरे दिन के आखिर में 255 रन की बढ़त बना ली। इंग्लैंड के लिए ऑफ स्पिनर शोएब बशीर ने 44 ओवर में 170 रन देकर चार विकेट लिए जबकि बाएं हाथ के स्पिनर टॉम हार्टली ने 39 ओवर में 126 रन देकर दो विकेट लिए।
चाय ब्रेक के समय भारत का स्कोर तीन विकेट पर 376 रन था लेकिन आखिरी सत्र में इंग्लैंड ने अच्छी गेंदबाजी की तो भारतीयों ने अपने विकेट गैर जिम्मेदाराना तरीके से गंवाए। बशीर की गेंद पर सरफराज ने पहली स्लिप में जो रूट को कैच थमाया। वहीं पड्डिकल को बशीर ने बोल्ड किया। सरफराज की तरह ही ध्रुव जुरेल (15) भी खराब शॉट खेलकर आउट हुए। लंच के बाद इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने नौ महीने में पहली गेंद डाली और क्रीज पर जमे हुए रोहित को बोल्ड कर दिया लेकिन उसके बाद सरफराज और पड्डिकल ने पारी को आगे बढाया।
अब तक इस दौरे पर नेट्स पर ही गेंदबाजी कर रहे स्टोक्स ने आखिरकार मैच में गेंदबाजी का फैसला किया। उन्होंने पिछले साल घुटने के आपरेशन के बाद गेंदबाजी करना बंद कर दिया था। पहले सत्र में अपने गेंदबाजों को नाकाम होता देख उन्होंने दूसरे सत्र में गेंद संभाली। पहली ही गेंद पर रोहित का ऑफ स्टम्प उखाड़ दिया। अगले ओवर में जेम्स एंडरसन ने गिल को बोल्ड किया। उस समय भारत का स्कोर तीन विकेट पर 279 रन था।
पहली बार टेस्ट खेल रहे पड्डिकल का ऑफ साइड का खेल इतना जबर्दस्त था कि अधिकांश रन वहीं से बने। वहीं सरफराज ने धीमी शुरुआत के बाद लय पकड़ी। उन्होंने 81वें ओवर में सीरीज में तीसरा अर्धशतक पूरा किया। अपने स्कोर एक विकेट पर 135 रन से आगे खेलते हुए भारत ने सुबह शानदार शुरुआत की। इंग्लैंड की टीम पहली पारी में 218 रन पर आउट हो गई थी। रोहित और गिल की साझेदारी को तोड़ने की इंग्लैंड की हर कोशिश नाकाम रही। रोहित के लिए शोएब बशीर की गेंदबाजी पर लेग स्लिप लगाने या मार्क वुड के शॉर्ट गेंद डालने का भी कोई फायदा नहीं हुआ।
एचपीसीए स्टेडियम पर भारतीय प्रशंसकों से अधिक शोर ‘बार्मी आर्मी’ (इंग्लैंड के समर्थकों) ने मचाया लेकिन इसका भी कोई असर नहीं हुआ। रोहित और गिल ने सुबह दो घंटे के खेल में 30 ओवर में 129 रन बनाए। ऑफ स्पिनर बशीर ने अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन के साथ गेंदबाजी की शुरुआत की। रोहित ने दूसरे ही ओवर में उन्हें छक्का और चौका लगाकर दबाव में डाल दिया। वहीं गिल ने एंडरसन को शानदार छक्का जड़ने के बाद स्क्वेयर कट पर चौका लगाया। इंग्लैंड को पहले सत्र में एकमात्र मौका मिला लेकिन जैक क्रॉली लेग स्लिप में रोहित का कैच नहीं लपक सके।

स्कोर बोर्ड

इंग्लैंड (पहली पारी) -     218

भारत (पहली पारी) -
यशस्वी जायसवाल स्टंप फोक्स बो. बशीर     57
रोहित शर्मा बो. बेन स्टोक्स     103
शुभमन गिल बो. जेम्स एंडरसन     110
देवदत्त पड्डिकल बो. बशीर     65
सरफराज खान का. रूट बो. बशीर     56
रविंद्र जडेजा पगबाधा बो. हार्टली     15
ध्रुव जुरेल का. डकेट बो. बशीर     15
रविचंद्रन अश्विन बो. हार्टली     00
कुलदीप यादव (खेल रहे हैं)     27
जसप्रीत बुमराह (खेल रहे हैं)    19
अतिरिक्त -    06
कुल - (120 ओवर में आठ विकेट पर)    473
विकेटपतन - 1/104, 2/275, 3/279, 4/376, 5/403, 6/427, 7/427, 8/428
गेंदबाजी - जेम्स एंडरसन 14-1-59-1, मार्क वुड 15-1-89-0, हार्टली 39-3-126-2, बशीर 44-5-170-4, बेन स्टोक्स 5-1-17-1, जो रूट 3-0-8-0

भाषा
धर्मशाला


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment