INDvsAUS WTC Final : भारत को मिला 444 रन का लक्ष्य, चौथे दिन बनाये 3 विकेट पर 164 रन, कोहली व रहाणे डटे

Last Updated 11 Jun 2023 06:57:01 AM IST

भारत (India) ने रोहित शर्मा (Rohit Sharma) (43) और विराट कोहली (Virat Kohli) (44 नाबाद) के महत्वपूर्ण योगदानों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया (Australia) के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल के चौथे दिन शनिवार को तीन विकेट पर 164 रन बना लिये, हालांकि वह अब भी जीत से 268 रन दूर है।


अजिंक्य रहाणे

पहली पारी में 173 रन की बढ़त लेने वाले ऑस्ट्रेलिया ने एलेक्स कैरी (66 नाबाद) के अर्धशतक की मदद से दूसरी पारी 270/8 के स्कोर पर घोषित करते हुए भारत के सामने 444 रन का पहाड़ जैसा लक्ष्य रखा है। अगर भारत आखिरी दिन लक्ष्य हासिल करना चाहता है तो उसे कोहली-रहाणे पर निर्भर रहना होगा।

करो या मरो की स्थिति में लक्ष्य का पीछा करने  उतरे रोहित और शुभमन गिल ने खुलकर बल्लेबाजी की। रोहित ने पहले ही  ओवर में कमिंस को चौका लगाकर खाता खोला, जबकि गिल ने दो ओवर बाद कमिंस को  दो चौके जड़े। कप्तान कमिंस ने विकेट की तलाश में वामहस्त गेंदबाज मिचेल स्टार्क को भी गेंद सौंपी।

रोहित ने उनका स्वागत फाइन लेग पर छक्का लगाकर  किया। भारत दूसरे सत्र का समापन बिना विकेट गंवाये कर सकता था, लेकिन  बोलैंड ने सत्र के आखिरी ओवर में शुभमन गिल को स्लिप में कैचआउट करवा दिया।  गिल 19 गेंद पर 18 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद भी रोहित ने उसी अंदाज में रन बनाना जारी रखा और चौके के साथ नौवें ओवर में भारत का पचासा पूरा किया। दूसरे छोर पर खड़े पुजारा ने भी बोलैंड को चौका लगाकर दबाव कम किया।

रोहित पुजारा के बीच हुई 51 रन की साझेदारी की मदद से भारत अच्छी स्थिति में दिखने लगा, लेकिन तभी दोनों बल्लेबाज खराब शॉट खेलकर पवेलियन लौट गये। नाथन लायन की स्पिन पर स्वीप खेलने की कोशिश में रोहित (43) पगबाधा हुए, जबकि कमिंस की गेंद पर अपर-कट खेलने की कोशिश करते हुए पुजारा (27) विकेटकीपर को कैच थमा बैठे।
इससे पहले आस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी आठ विकेट पर 270 रन पर घोषित कर दिया। कंगारुओं की ओर से विकेटकीपर एलेक्स कैरी ने अर्धशतक (66) जमाया। भारत के लिए जडेजा (Jadeja) सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 58 रन देकर तीन विकेट लिये। दो-दो विकेट शमी और उमेश को मिले।

स्कोर बोर्ड

आस्ट्रेलिया (पहली पारी) :     469
भारत (पहली पारी)     296
आस्ट्रेलिया (दूसरी पारी) :

उस्मान ख्वाजा का भरत बो उमेश    13
डेविड वार्नर का भरत बो सिराज    01
मारनुस लाबुशेन का पुजारा बो उमेश    41
स्टीव स्मिथ का शार्दुल बो जडेजा    34
ट्रेविस हेड का एंड बो जडेजा    18
कैमरून ग्रीन बो जडेजा    25
एलेक्स कैरी नाबाद    66
मिचेल स्टार्क का कोहली बो शमी    41
पैट कमिंस का (सब्सी.) अक्षर बो शमी    05
अतिरिक्त :                                             26
कुल : (84.3 ओवर में आठ विकेट पर, घोषित)          270
विकेट पतन : 1/2, 2/24, 3/86, 4/111, 5/124, 6/167, 7/260, 8/270
गेंदबाजी : मोहम्मद शमी 16.3-6-39-2, मोहम्मद सिराज 20-2-80-1, शादरुल ठाकुर 8-1-21-0, उमेश यादव 17-1-54-2, रविंद्र जडेजा 23-4-58-3

भारत (दूसरी पारी)    

रोहित शर्मा पगबाधा बो लियोन    43
शुभमन गिल का ग्रीन बो बोलैंड    18
चेतेश्वर पुजारा का कैरी बो कमिंस    27
विराट कोहली नाबाद    45
अजिंक्य रहाणे नाबाद    20
अतिरिक्त :                                             12
कुल : (40 ओवर में तीन विकेट पर)          146
विकेट पतन : 1/41, 2/92, 3/93
गेंदबाजी : पैट  कमिंस 9-0-42-1, स्कॉट बोलैंड 11-1-38-1, मिचेल स्टार्क 7-0-45-0, कैमरून ग्रीन 2-0-6-0, नाथन लियोन 11-1-32-1

वार्ता
लंदन


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment