IPL 2023 : मुंबई इंडियन्स को हरा, गुजरात टाइटन्स दूसरे स्थान पर

Last Updated 26 Apr 2023 07:07:14 AM IST

ओपनर शुभमन गिल की अगुवाई में बल्लेबाजों के जोरदार प्रदर्शन के बाद नूर अहमद और राशिद खान की उम्दा गेंदबाजी की बदौलत गुजरात टाइटन्स ने आईपीएल के एकतरफा मुकाबले में मंगलवार को मुंबई इंडियन्स को 55 रन से हरा दिया।


शुभमन गिल शॉट लगाते हुए।

गुजरात ने 20 ओवर में 207 रन बनाये, जो आईपीएल में उसका सबसे बड़ा स्कोर है। जवाब में मुंबई की टीम 152 रन ही बना पायी। गुजरात को उसके सबसे बड़े स्कोर तक पहुंचाने के लिये गिल ने 34 गेंद पर सात चौकों और एक छक्के के साथ 56 रन बनाये। गुजरात भले ही मध्य ओवरों में धीमी पड़ गयी, लेकिन डेविड मिलर (22 गेंद, 46 रन), अभिनव मनोहर (21 गेंद, 42 रन) और राहुल तेवतिया (पांच गेंद, 20 रन) ने मेजबान टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई ने 59 रन पर ही पांच विकेट गंवा दिये। सूर्यकुमार यादव (12 गेंद, 23 रन) और नेहाल वढेरा (21 गेंद, 40 रन) ने अंत में संघर्ष के कुछ निशान दिखाये, लेकिन वे हार का अंतर ही कम कर सके। गुजरात इस जीत के बाद 10 अंकों के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर आ गयी है, जबकि मुंबई छह अंकों के साथ सातवें पायदान पर बरकरार है।

मुंबई ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करते हुए सलामी बल्लेबाज रिद्धिमान साहा से जल्दी छुटकारा पा लिया, लेकिन शुभमन गिल पावरप्ले से ही गेंदबाजों पर बरस पड़े। उन्होंने छठे ओवर में कैमरन ग्रीन को दो चौके और एक छक्का लगाया जबकि गुजरात ने पावरप्ले में 50 रन जोड़े।

पावरप्ले के फौरन बाद पीयूष चावला ने हार्दिक पांड्या का विकेट चटकाया। गुजरात के बल्लेबाज स्पिनरों के खिलाफ आक्रामकता बरकरार नहीं रख सके जिससे उनकी रन गति धीमी पड़ गयी। विजय शंकर ने 10वें ओवर में कुमार कार्तिकेय को एक चौका और एक छक्का लगाया। हालांकि वह अपनी 16 गेंद की पारी में 19 रन ही बना सके। शुरुआती 16 गेंद में 31 रन बनाने वाले गिल ने 33 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया और 34वीं गेंद पर लॉन्ग ऑन को कैच देकर पवेलियन लौट गये।

मुंबई के स्पिनर मध्य ओवरों में रन रोकने में कामयाब रहे, लेकिन गुजरात के मध्यक्रम ने आखिरी ओवरों में जमकर रन बटोरे। मिलर ने 14वें ओवर में कार्तिकेय को छक्का जड़कर आतिशबाजी की शुरुआत की, जबकि मनोहर ने अगले ओवर में पीयूष को दो चौके और एक छक्का लगाकर 17 रन जोड़ लिये। मनोहर-मिलर के बीच पांचवें विकेट के लिये 71 रन की साझेदारी हुई जिसमें मनोहर ने 21 गेंद पर तीन चौकों और तीन छक्कों के साथ 42 रन का योगदान दिया। मनोहर का विकेट गिरने के बाद मिलर और राहुल तेवतिया ने अंतिम 11 गेंदों पर 35 रन जोड़ डाले। मिलर 22 गेंद पर दो चौकों और चार छक्कों के साथ 46 रन बनाकर आउट हो गये, जबकि तेवतिया मा पांच गेंद पर 20 रन बनाकर नाबाद रहे। गुजरात ने मुंबई की खराब गेंदबाजी का पूरा-पूरा फायदा उठाते हुए अंतिम पांच ओवर में 94 रन बनाकर 207/6 का स्कोर खड़ा किया। राइली मेरेडिथ चार ओवर में एक विकेट के बदले 49 रन देकर मुंबई के सबसे महंगे गेंदबाज रहे। पीयूष ने चार ओवर में 34 रन देकर दो विकेट लिये, जबकि कार्तिकेय, अजरुन तेंदुलकर और जेसन बेहरेनडॉर्फ ने एक-एक विकेट हासिल किया।

 स्कोर बोर्ड

गुजरात टाइटंस :
रिद्धिमान साहा का किशन बो अर्जुन     04
शुभमन गिल का सूर्यकुमार बो कार्तिकेय     56
हार्दिक पंड्या का सूर्यकुमार बो चावला     13
विजय शंकर का डेविड बो चावला     19    डेविड मिलर का सूर्यकुमार बो बेहरनडोर्फ     46
अभिनव मनोहर का बेहरनडोर्फ बो मेरेडिथ     42
राहुल तेवतिया नाबाद     20
राशिद खान नाबाद     02
अतिरिक्त:      05
कुल : (20 ओवर में छह विकेट पर)     207
विकेट पतन: 1-12, 2-50, 3-91,4-101, 5-172, 6-205
गेंदबाजी: अर्जुन तेंदुलकर 2-0-9-1, जेसन बेहरनडोर्फ 4-0-37-1, राइली मेरेडिथ 4-0-49-1, कैमरुन ग्रीन    2-0-39-0, पीयूष चावला 4-0-34-2, कुमार कार्तिकेय 4-0-39-1

मुंबई इंडियंस :
रोहित शर्मा का एंड बो पांड्या      02
ईशान किशन का लिटिल बो राशिद खान    13
कैमरुन ग्रीन बो नूर अहमद    33
तिलक वर्मा पगबाधा बो राशिद खान    02
सूर्यकुमार यादव का एंड बो नूर अहमद    23
टिम डेविड का अभिनव मनोहर बो नूर अहमद    00
नेहाल बढेरा का समी बो मोहित शर्मा    40
पीयूष चावला रन आउट शाहा/मोहित शर्मा    18
अर्जुन तेंदुलकर का लिटिल बो मोहित शर्मा    13
जेसन बेहरनडोर्फ नाबाद    03
राइली मेरेडिथ नाबाद    00
अतिरिक्त:       05
कुल : (20 ओवर में नौ विकेट पर)     152
विकेट पतन: 1-4, 2-43, 3-45,4-59, 5-59, 6-90, 7-135, 8-137, 9-152
गेंदबाजी:
मोहम्मद समी 4-0-18-0, हार्दिक पांड्या 2-0-10-1, राशिद खान 4-0-27-2, नूर अहमद 4-0-37-3, मोहित शर्मा 4-0-38-2, जोश लिटिल 2-0-18-0

एजेंसी
अहमदाबाद


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment