भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को 10 विकेट से रौंदा

Last Updated 05 Jul 2022 12:34:23 AM IST

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने गेंद और बल्ले से शुरुआत से लेकर अंत तक दबदबा बनाते हुए सोमवार को दूसरे वनडे में श्रीलंका को 10 विकेट से रौंदकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की विजयी बढ़त बना ली।


पल्लेकल : श्रीलंका की बल्लेबाज को आउट करने पर रेणुका (बीच में) को बधाई देते साथी।

भारत की सलामी बल्लेबाजों ने दौरे पर पहले बाद एक साथ अच्छा प्रदर्शन करते हुए 174 रन की अटूट साझेदारी की जिससे भारत ने 25.4 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
स्मृति मंधाना (83 गेंद में नाबाद 94) और शेफाली वर्मा (71 गेंद में नाबाद 71) की जोड़ी आलोचकों जो जवाब देने में सफल रहीं जो उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाने के लिए उन पर निशाना साध रहे थे। स्मृति ने अपनी पारी में 11 चौके और एक छक्का मारा जबकि शेफाली ने चार चौके और एक छक्का जड़ा। महिला वनडे मैचों में बिना विकेट खोए हासिल किया गया यह सबसे बड़ा लक्ष्य है।
भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका को 50 ओवर में 173 रन पर आउट करके टीम की जीत की नींव रखी। तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ने 28 रन देकर चार विकेट चटकाए जबकि दीप्ति शर्मा (30 रन पर दो विकेट) मेघना सिंह (43 रन पर दो विकेट) ने दो-दो विकेट चटकाए। पहला वनडे आसानी से जीतने के बाद भारतीय टीम दूसरे वनडे में भी प्रबल दावेदार के रूप में उतरी थी।
टॉस जीतकर भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने गेंदबाजों की अनुकूल पिच पर श्रीलंका को बल्लेबाजी का न्यौता दिया। मेजबान टीम पारी की शुरुआत में ही मुश्किलों में घिर गई। तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ने सटीक लाइन और लेंथ के साथ गेंदबाजी करते हुए करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। रेणुका ने शुरुआती तीन विकेट झटककर श्रीलंका के शीर्ष क्रम को झकझोरा।

निचले क्रम की बल्लेबाज अमा कंचना ने 83 गेंद में नाबाद 47 रन की पारी खेलकर टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। अनुभवी आफ स्पिनर दीप्ति ने अंतिम दो गेंद पर दो विकेट चटकाकर श्रीलंका की पारी को समेटा। हरमनप्रीत ने मैच के बाद कहा, ‘हम लंबी साझेदारियों की बात कर रहे थे। हमने बात की कि हमें शत प्रतिशत देने की जरूरत है। साझेदारी शानदार रही। गेंदबाजी विकल्प होना शानदार है।’

स्कोर बोर्ड
श्रीलंका -
हसिनी परेरा बो. रेणुका सिंह    00
विश्मी गुणरत्ने बो. रेणुका सिंह    03
चामरी अटापट्टू का. शेफाली बो. मेघना     27
हषिर्ता समरविक्रम पगबाधा बो. रेणुका सिंह    00
अनुष्का संजीवनी रन आउट (तानिया)     25
 निलाक्षी डि सिल्वा का. दीप्ति बो. मेघना     32
कविता दिलहरी रन आउट (मेघना /तानिया)     05
अमा कंचना (नाबाद)    47
ओशादी रणसिंघे का. दीप्ति बो. रेणुका सिंह    10
इनोका रणवीरा का. तानिया बो. दीप्ति     06
अचिनी कुलसुरिया का. हरलीन बो. दीप्ति     00
अतिरिक्त - 18
कुल - (50 ओवर में सभी आउट) 173
विकेटपतन - 1/0, 2/7, 3/11, 4/42, 5/70, 6/81, 7/123, 8/150, 9/173, 10/173
गेंदबाजी - रेणुका सिंह 10-1-28-4, मेघना 10-0-43-2, पूजा  4-0-15-0, राजेश्वरी 10-2-24-0, दीप्ति 10-0-30-2, हरलीन 3-0-13-0, हरमनप्रीत 3-0-12-0
भारत -
शेफाली वर्मा (नाबाद) 71
स्मृति मंधाना (नाबाद) 94
अतिरिक्त - 09
कुल - (25.4 ओवर में बिना विकेट खोए) 174
गेंदबाजी - कुलसुरिया 5-0-24-0, रणसिंघे 5-0-36-0, कंचना 3.4-0-33-0, रणवीरा 6-0-42-0, दिलहरी  3-0-18- 0, अटापट्टू 3-0-21-0

भाषा
पल्लेकल


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment