IPL नीलामी: क्रिस मौरिस इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बने, राजस्थान रॉयल्स ने 16.25 करोड़ रुपये में खरीदा

Last Updated 18 Feb 2021 03:55:00 PM IST

दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर क्रिस मौरिस चेन्नई में आईपीएल 2021 सत्र के लिए गुरुवार को चल रही खिलाड़ियों की नीलामी में अबतक के सबसे मंहगे बिकने वाले विदेशी खिलाड़ी बन गए हैं।


इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 सीजन के लिए गुरुवार को चेन्नई में जारी खिलाड़ियों की नीलामी में दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर क्रिस मौरिस को राजस्थान रॉयल्स ने 16.25 करोड़ रुपये की बोली लगाकर अपने साथ जोड़ लिया।

इसके साथ मौरिस आईपीएल में सबसे अधिक पैसा पाने वाले विदेशी खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले 2013 सीजन के लिए हुई नीलामी कोलकाता ने 15.5 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा था।

मोरिस का बेस ब्राइस 75 लाख रुपये था। मुंबई इंडियंस ने सबसे पहले उनके लिए बोली लगाई। इसके बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर भी मोरिस को फिर से अपने साथ जोड़ने के लिए कूद पड़ा।

आरसीबी मोरिस के लिए सात करोड़ रुपये तक की बोली लगा चुका था, लेकिन मुंबई भी पीछे नहीं थी और उसने दक्षिण अफ्रीका आलराउंडर के लिए नौ करोड़ रुपये तक की बोली लगा दी।

लेकिन पंजाब किंग्स मोरिस को अपने जोड़ने के लिए इतना बैचेन था कि वह उन्हें 16.25 करोड़ रुपये तक देने के लिए तैयार हो गया था। इस बोली के साथ ही मोरिस आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बनने को तैयार थे।

राजस्थान रॉयल्स ने फिर 16.25 करोड़ रुपये की बोली लगाकर अपने साथ जोड़ लिया। मोरिस इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स और आरसीबी के लिए खेल चुके थे।

आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी भारत के युवराज सिंह हैं, जिन्हें दिल्ली कैपिटल्स (उस समय दिल्ली डेयरडेविल्स) ने 16 करोड़ रुपये में खरीदा था। यह आईपीएल का एक रिकार्ड है।

सीजन 14 के लिए जब नीलामी शुरू हुई तो आस्ट्रेलिया के ऑलराउंड़र ग्लैन मैक्सवेल को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 14.25 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा था लेकिन मौरिस ने उनका रिकार्ड तोड़ दिया।

नीलामी में पंजाब किंग्स के पूर्व बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) ने 14.25 करोड़ रुपये में खरीद लिया।

मैक्सवेल का बेस प्राइस दो करोड़ रुपये था। मैक्सवेल पर सबसे कोलकाता नाइट राइडर्स ने तीन करोड़ रुपये की बोली लगाई। लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने भी फिर मैक्सवेल पर बोली लगानी शुरू कर दी और इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने छह करोड़ रुपये के साथ बोली शुरू की और फिर राजस्थान रॉयल्स भी बोली में कूद पड़े।

चेन्नई 11.50 करोड़ रुपये तक मैक्सवेल की बोली लगा चुका था। लेकिन फिर आरसबी और ज्यादा आगे बढ़े और फिर सीएसके 13.5 करोड़ तक मैक्सवेल को खरीदने के लिए तैयार हो गया था। लेकिन फिर आरसीबी ने 14.25 करोड़ रुपये की बोली लगाकर मैक्स्वेल को अपने साथ जोड़ लिया।

मैक्सवेल को नए सीजन के लिए पंजाब किंग्स ने रिलीज कर दिया था।

भारत के टेस्ट बल्लेबाज हनुमा विहारी और सीमित ओवर बल्लेबाज केदार जाधव को कोई खरीददार नहीं मिला।

नीलामी में इंग्लैंड के ऑलराउंडर मोइन अली को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने 7 करोड़ रुपये की बोली लगाकर अपने साथ जोड़ा। मोइन का बेस प्राइस दो करोड़ रुपये था और पंजाब किंग्स ने बोली की शुरुआत की फिर सीएसके ने उनके लिए 2.2 करोड़ की बोली लगाई।

सीएसके मोइन को 2.6 करोड़ के साथ अपने साथ जोड़ने के लिए तैयार हो गया था, लेकिन फिर उसने सात करोड़ रुपये में मोइन को अपने साथ जोड़ लिया।

बीते सीजन में मोइन रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेले थे।

आईएएनएस
चेन्नई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment