टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने क्रिकेट के हर फॉर्मेट से लिया संन्यास, खेलेंगे IPL

Last Updated 15 Aug 2020 09:06:27 PM IST

भारत को 2011 का विश्व कप जिताने वाले पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया है। अपने संन्यास की घोषणा धोनी ने इंस्टाग्राम पर किया।


धोनी ने क्रिकेट के हर फॉर्मेट से संन्यास लिया

दो बार के विश्व कप विजेता और भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एक महेंद्र सिंह धोनी ने स्वतंत्रता दिवस के दिन शनिवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का एलान कर दिया।

भारत के सबसे सफल विकेटकीपर बल्लेबाज धोनी ने इंस्टाग्राम पोस्ट पर यह एलान करते हुए कहा, “मेरे करियर में आप सबके प्यार और सहयोग का बहुत-बहुत शुक्रिया। आज शाम 7.29 बजे के बाद से मुझे रिटायर समझिए।”



धोनी ने इस पोस्ट में यह जिक्र नहीं किया कि वह किस फॉर्मेट से संन्यास ले रहे हैं। धोनी टेस्ट क्रिकेट से पहले ही संन्यास ले चुके थे और पिछले साल इंग्लैंड में हुए वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के हाथों भारत की हार के बाद उन्होंने कोई मैच नहीं खेला है।

बीसीसीआई ने भी एक बयान जारी कर इस बात की पुष्टि कर दी है।

बीसीसीआई ने एक बयान में कहा, "भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से अपने संन्यास का ऐलान कर दिया। रांची के एक लड़के ने 2004 में वनडे पदार्पण किया था और फिर अपने शांत स्वाभाव, खेल की तेज समझ और अपनी नेतृत्व क्षमता से भारतीय क्रिकेट का चेहरा बदल दिया।"

बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा, यह एक युग का अंत है। वह विश्व क्रिकेट और भारत के लिए शानदार खिलाड़ी रहे हैं। उनकी नेतृत्वक्षमता कीबराबरी करना काफी मुश्किल है, खासकर छोटे प्रारूपों में।"

धोनी ने पहले ही टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। उन्होंने अपना आखिरी अंतर्राष्ट्रीय मैच पिछले साल 2019 में इंग्लैंड में खेले गए विश्व कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। तब से वह टीम से बाहर चल रहे थे और उनके संन्यास की अटकलें तेज थी।

उम्मीद थी की धोनी आस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 विश्व कप में खेलेंगे लेकिन कोविड-19 के कारण इसे टाल दिया गया था।

धोनी के आईपीएल के 13वें संस्करण में खेलने की उम्मीद है जिसके लिए वह रांची से चेन्नई पहुंच चुके हैं। चेन्नई में रविवार से चेन्नई सुपरकिंग्स का छह दिन कंडीशनिंग शिविर लगना है। तीन बार के आईपीएल विजेता धोनी चेन्नई टीम के कप्तान हैं। धोनी ने चेन्नई आने से पहले अपने गृहनगर रांची में कोरोना टेस्ट कराया था जिसकी रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद वह शुक्रवार को चेन्नई के लिए रवाना हुए थे।

2007 में अपनी कप्तानी में पहला टी-20 विश्व कप जीतने वाले धोनी ने भारत को 28 साल के लम्बे अंतराल के बाद 2011 में एकदिवसीय विश्व चैंपियन बनाया था। भारत ने उनकी कप्तानी में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी भी जीती है और टीम इंडिया उनकी कप्तानी में टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक भी बनी थी।

इंग्लैंड में पिछले साल हुए वनडे विश्व कप के बाद से ही लगातार धोनी के संन्यास की अटकलें चलती रही थीं लेकिन धोनी ने इन अटकलों पर कभी प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की थी और इस मुद्दे पर लगातार खामोश रहे थे। पिछले महीने सात जुलाई को 39 वर्ष के हुए धोनी ने अपने संन्यास का एलान करने के लिए स्वतंत्रता दिवस का दिन चुना और इंस्टाग्राम पर पोस्ट डालकर सबको चौंका दिया।

माही के नाम से मशहूर धोनी ने मार्च में अपनी टीम चेन्नई सुपर किंग्स के साथ आईपीएल की तैयारियां भी शुरू कर दी थीं लेकिन पहले लॉकडाउन के कारण चेन्नई ने अपना शिविर बंद किया और माही अपने गृहनगर रांची लौट गए थे। आईपीएल के अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो जाने के कारण धोनी के संन्यास को लगातार अटकलें लग रही हैं लेकिन धोनी ने इस मामले में गहन चुप्पी साध रखी थी।

आईपीएल का 19 सितम्बर से 10 नवम्बर तक संयुक्त अरब अमीरात में आयोजन होना है और आईपीएल की तैयारियां शुरू होने से पहले ही धोनी ने एलान कर दिया कि अब से उन्हें रिटायर माना जाए।

23 वर्ष की आयु में भारतीय क्रिकेट टीम के लिये पदार्पण करने वाले धोनी आईसीसी की तीनों विश्व प्रतियोगिताएं जीतने वाले दुनिया के एकमात्र कप्तान हैं और भारतीय क्रिकेट को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने का श्रेय उन्हें जाता है। धोनी ने 2014 में ऑस्ट्रेलिया दौरे में मेलबोर्न टेस्ट के बाद टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था और जनवरी 2017 में उन्होंने विराट कोहली को वनडे और टी-20 की कप्तानी सौंप दी थी।

खिलाड़ियों के दिमाग को पढ़कर उसे क्रिकेट के खेल में इस्तेमाल करने की अनोखी ताकत रखने वाले धोनी का जन्म 7 जुलाई 1981 को झारखंड (तब बिहार) के रांची में हुआ था। धोनी झारखंड से निकलकर टीम इंडिया में जगह बनाने वाले पहले खिलाड़ी थे। एक निम्न मध्यमवर्गी परिवार में जन्मे धोनी को बचपन से क्रिकेट के बजाय फुटबॉल खेलना पसंद था। धोनी को फुटबॉल टीम में एक गोलकीपर के तौर पर खेलते देख उस समय के उनके कोच ने उन्हें क्रिकेट में एक विकेटकीपर के तौर पर खेलने की सलाह दी। यहीं से माही का खेल बदला।

बिहार के लिये रणजी खेलने के बाद उन्हें रेलवे की तरफ से भी खेलने का मौका मिला। रेलवे ने उनके शानदार खेल को देखते हुए नौकरी ऑफर की। धोनी ने परिवार की जिम्मेदारियों का निर्वाह करने के लिये बंगाल के खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर टिकट कलेक्टर की नौकरी स्वीकार कर ली। लेकिन धोनी की किस्मत में ‘क्रिकेट का बादशाह’ बनना लिखा था, अंततः एक दिन वह नौकरी छोड़कर वापस खेल के मैदान की ओर लौट आए। धोनी का यह फैसला उनके जीवन का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।

इसके बाद धोनी को जिम्‍बाब्‍वे और केन्‍या के दौरे पर इंडिया ए टीम में पहली बार जगह मिली। धोनी ने इस अवसर का भरपूर फायदा उठाया और सात मैचों में 362 रन बनाए। धोनी ने इस दौरान विकेटकीपिंग में भी हाथ अजमाते हुए सात कैच लपके और चार स्‍टंपिंग भी की। उस समय टीम इंडिया को एक ऐसे विकेटकीपर की तलाश थी जो निचले क्रम में बल्लेबाजी भी कर सके। धोनी के इस प्रदर्शन ने तत्कालीन कप्तान सौरभ गांगुली को आकर्षित किया और इस तरह वर्ष 2004 में धोनी को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का मौका मिला।

बंगलादेश के खिलाफ अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलने वाले धोनी शुरुआती मैचों में कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाये लेकिन टीम प्रबंधन ने उन पर भरोसा दिखाते हुए पाकिस्तान के खिलाफ अगली सीरीज में फिर मौका दिया। उन्होंने विशाखापत्‍तनम में पाकिस्तान के खिलाफ खेले गये अपने करियर के पांचवे मैच में 123 गेंदों पर 148 रन की विस्फोटक पारी खेली और इस पारी ने धोनी के करियर को एक झटके में आसमान पर पहुंचा दिया। उन दिनों धोनी की बल्लेबाजी और उनके लंबे बाल भी देश-दुनिया में चर्चा का विषय रहे। उस समय उनके हेयर स्टाइल के दीवाने पाकिस्तान के तत्कालीन राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ़ भी थे। उन्होंने एक सम्मान समारोह में धोनी के बालों की खुल कर चर्चा की थी।

धोनी दुनिया के इकलौते कप्तान थे जिन्होंने आईसीसी के सभी टूनार्मेंट्स- टी-20 विश्व कप, वनडे विश्व कप और चैम्पियंस ट्रॉफी जीती।

वार्ता/आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment