मुशफिकुर ने दिलाई बांग्लादेश को भारत पर टी-20 में पहली जीत

Last Updated 04 Nov 2019 01:17:21 AM IST

अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम की नाबाद अर्धशतकीय पारी से बांग्लादेश ने ‘दिल्ली की दमघोंटू धुंध’ में खेले गए पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में रविवार को सात विकेट से जीत दर्ज करके भारत के खिलाफ अपनी पहली जीत दर्ज की।


नई दिल्ली : बांग्लादेश को जीत दिलाने पर खुशी मनाते मुशफिकुर रहीम।

पिछले कुछ दिनों से क्रिकेट के बजाय धुंध को लेकर अधिक चर्चा रही लेकिन जब खिलाड़ी मैदान पर उतरे तो केवल क्रिकेट की बात हुई। भारत ने बांग्लादेश को 149 रन का लक्ष्य दिया और उसने 19.3 ओवर में तीन विकेट पर 154 रन बनाकर अपने क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय जोड़ा।
बांग्लादेश की यह भारत पर नौ मैचों में पहली जीत है। बांग्लादेश ने न सिर्फ भारत के खिलाफ जीत का खाता खोला बल्कि यह भी दिखा दिया कि उसकी टीम शाकिब अल हसन और तमीम इकबाल के बिना जीत दर्ज कर सकती है। अनुभवी मुशफिकुर रहीम (43 गेंदों पर नाबाद 60) ने जिम्मेदारी भरी पारी खेली। उन्होंने सौम्या सरकार (35 गेंदों पर 39) के साथ तीसरे विकेट के लिए 60 रन जोड़े। कप्तान महमुदुल्लाह (सात गेंदों पर नाबाद 15) ने विजयी छक्का लगाया।

भारत की तरफ से ओपनर शिखर धवन ने सर्वाधिक 41 रन बनाए लेकिन इसके लिए उन्होंने 42 गेंद खर्च की। ऋषभ पंत ने 26 गेंदों पर 27 रन बनाए। वाशिंगटन सुंदर (पांच गेंद पर नाबाद 14) और क्रुणाल पंड्या (आठ गेंद पर नाबाद 15) के प्रयासों से भारत ने आखिरी दो ओवरों में 30 रन जुटाए और छह विकेट पर 148 रन का सम्मानजनक स्कोर हासिल किया। बांग्लादेश के लिए लेग स्पिनर अमीनुल इस्लाम बिप्लव और तेज गेंदबाज शफीउल इस्लाम ने दो-दो विकेट लिए।
दीपक चाहर (24 रन देकर एक विकेट) ने पहले ओवर में ही लिटन दास (सात) को आउट करके भारत को सकारात्मक शुरुआत दिलायी। मोहम्मद नईम ने चाहर पर छक्का और चौका जबकि सौम्या सरकार ने सुंदर की गेंद छह रन के लिए भेजकर पावरप्ले में स्कोर एक विकेट पर 45 रन पहुंचाया। चहल ने आठवें ओवर में गेंद थामी और पदार्पण मैच में खेल रहे नईम पर दबाव बनाकर उन्हें लांग आन पर खड़े धवन को हवा में लहराता कैच देने के लिए मजबूर किया। इस लेग स्पिनर ने मुशफिकुर रहीम को भी परेशानी में रखा। इस बीच पंत ने रहीम के खिलाफ विकेट के पीछे कैच पर भारत का एकमात्र रिव्यू गंवाया।
रहीम और सरकार ने सहजता से रन बटोरकर स्कोर बोर्ड चलायमान रखा। युजवेंद्र चहल (24 रन देकर एक विकेट) को छोड़कर भारत के दूसरे स्पिनर सुंदर (चार ओवर में 25 रन) और पंड्या (चार ओवर में 32 रन) को खेलने में उन्हें खास परेशानी नहीं हुई। सरकार ने पंड्या पर डीप मिडविकेट पर छक्का भी लगाया। इन दोनों ने 48 गेंदों पर अर्धशतकीय साझेदारी निभायी। बांग्लादेश को अंतिम चार ओवर में 44 रन की दरकार थी। रहीम ने खलील अहमद की गेंद फाइन लेग पर छह रन के लिए भेजी लेकिन इस गेंदबाज ने आफ कटर पर सरकार की गिल्लियां बिखेरकर भारत को सही समय पर सफलता दिलायी। भारत को पंड्या द्वारा रहीम का कैच टपकाना महंगी पड़ा। रहीम ने खलील पर लगातार चार चौके जड़े और इस बीच अपना अर्धशतक भी पूरा किया। खलील (चार ओवर में 37 रन) के इस ओवर में 18 रन बने जिससे बांग्लादेश की जीत सुनिश्चित हो गई।

 स्कोर बोर्ड
भारत -
रोहित शर्मा पगबाधा बो. शफीउल इस्लाम     09
शिखर धवन रन आउट     41
राहुल का. महमूदुल्लाह बो. अमीनुल इस्लाम     15
अय्यर का. मोहम्मद नईम बो अमीनुल इस्लाम 22
पंत का. मोहम्मद नईम बो शफीउल इस्लाम 27
शिवम दुबे का. एंड बो. अफीफ हुसैन     01
क्रुणाल पंड्या (नाबाद)    15
वाशिंगटन सुंदर (नाबाद)    14
अतिरिक्त -     04
कुल - (20 ओवर में छह विकेट पर)     148
विकेटपतन - 1/10, 2/36, 3/70, 4/95, 5/102, 6/120
गेंदबाजी - शफीउल इस्लाम 4-0-36-2, अल अमीन हुसैन 4-0-27-0, मुस्तफिजुर रहमान 2-0-15-0, अमीनुल इस्लाम 3-0-22-2, सौम्य सरकार 2-0-16-0, अफीफ हुसैन 3-0-11-1, मोसादेक हुसैन 1-0-8-0, महमूदुल्लाह 1-0-10-0

बांग्लादेश -
लिटन दास का. राहुल बो. चाहर     07
मोहम्मद नईम का. धवन बो. चहल     26
सौम्य सरकार बो. अहमद     39
मुश्फिकर रहीम (नाबाद)    60
महमूदुल्लाह (नाबाद)    15
अतिरिक्त -     07
कुल - (19.3 ओवर में तीन विकेट पर)    154
विकेटपतन - 1/8, 2/54, 3/114, गेंदबाजी -  दीपक चाहर 3-0-24-1, वाशिंगटन सुंदर 4-0-25-0, खलील अहमद 4-0-37-1, चहल 4-0-24-1, क्रुणाल पंड्या 4-0-32-0, शिवम दुबे 0.3-0-9-0

 

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment