रांची टेस्ट : रोहित व रहाणे ने भारत को संभाला

Last Updated 20 Oct 2019 06:09:09 AM IST

रोहित शर्मा और अजिंक्य रहाणे ने अपने प्रदर्शन से बता दिया है कि अब भारतीय क्रिकेट टीम टेस्ट मैचों में उन पर भरोसा कर सकती है।


रांची : शतकीय पारी खेलने वाले रोहित शर्मा को बधाई देते साथी अजिंक्य रहाणे।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शनिवार को शुरू हुए तीसरे क्रिकेट टेस्ट मैच में दोनों बल्लेबाजों ने न केवल अपनी सेंचुरी और हाफ सेंचरी पूरी की वरन भारत को खराब स्थिति से उबार दिया। लेकिन जब भारत ने तेजी से ज्यादा रन जुटाने की कोशिश शुरू की तभी खराब मौसम ने खेल को रोकने पर मजबूर कर दिया। बाद में बारिश ने भी दखल दी और फिर आगे खेल नहीं हो सका। इस तरह पहले दिन की समाप्ति पर भारत ने 58 ओवर में तीन विकेट पर 224 रन का स्कोर खड़ा कर लिया। पहले दिन के खेल की समाप्ति के समय रोहित शर्मा 117 और अजिंक्य रहाणे 83 रन बनाकर खेल रहे थे।
वैसे भारत  की शुरुआत खराब रही। भारत ने अपने पहले 3 विकेट केवल 39 रन पर खो दिए थे और उस समय कप्तान विराट कोहली भी पवेलियन लौट चुके थे। तब लग रहा था कि भारत को जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों के सामने काफी संघर्ष करना पड़ेगा।

लेकिन चौथे विकेट के लिए रहाणे और रोहित शर्मा ने मिलकर भारत की परेशानी को काफी हद तक दूर कर दिया। इन दोनों ने मेहमान गेंदबाजों का संभल कर सामना किया। इसका नतीजा हुआ कि भारत की स्थिति बेहतर हो गई। दोनों ने चौथे विकेट के लिए रिकॉर्ड साझेदारी की। अब तक दोनों ने नाबाद 185 रन जोड़े हैं। यह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत का इस विकेट के लिए नया रिकॉर्ड है। पिछला रिकॉर्ड 178 रन का था जिसे कोहली और रहाणे ने पुणो में पिछले मैच में बनाया था। रोहित शर्मा ने अपने 117 रन में 164 गेंदों पर 14 चौके और चार छक्के लगाए हैं। जबकि रहाणे ने 135 गेंदों पर एक छक्का और 11 चौके लगाए हैं। रोहित ने अपनी पारी को काफी मेहनत से संवारा। उन्होंने पहले 55 गेंदों पर केवल 23 रन बनाए थे लेकिन बाद में सिर्फ 75 गेंद और खेलकर छक्का के साथ शतक पूरा कर लिया।
इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर पहले खेलने का फिसला किया। भारत ने झारखंड के लेफ्ट आर्म स्पिनर शाहबाज नदीम को टीम में शामिल किया, जिन्होंने टेस्ट मैचों की शुरआत की। दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका ने भी टीम में पांच बदलाव किए। हेनरिक क्लासेन और जॉर्ज लिंडे ने अपना टेस्ट डेब्यू किया। 2-0 की बढ़त लेकर सीरीज पर कब्जा कर चुकी भारतीय टीम को मयंक अग्रवाल, चेतेर पुजारा और कोहली के जल्दी आउट हो जाने पर झटका लगा था। लेकिन बाद में रोहित और रहाणे ने पारी को संभाला दिया। खराब रोशनी और बारिश के कारण पहले दिन लगभग डेढ़ घंटे का खेल बेकार हुआ।

स्कोर बोर्ड

भारत (पहली पारी) -
मयंक अग्रवाल का एल्गर बो रबादा.......10
रोहित शर्मा खेल रहे हैं ..............117
चेतेर पुजारा पगबाधा बो रबादा........00
विराट कोहली पगबाधा बो नोत्ज्रे.........12
अजिंक्या रहाणे खेल रहे हैं............83
अतिरिक्त........................02
कुल- 58 ओवर में 3 विकेट पर ...... 224 विकेटपतन- 1-12, 2-16, 3-39
गेंदबाजी : रबादा 14-5-54-2, एनगिदी 11-4-36-0, नोत्ज्रे 16-3-50-1, लिंडे 11-1-40-0, पिएड 6-0-43-0

 

मोहम्मद ईशा उद्दीन/सहारा न्यूज ब्यूरो
रांची


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment