ICC Test Ranking: कोहली की विराट छलांग, स्मिथ का ताज छीनने के करीब

Last Updated 14 Oct 2019 04:06:10 PM IST

भारतीय कप्तान विराट कोहली ने पुणे में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे रेस्ट में अपनी नाबाद 254 रन की रिकॉर्डतोड़ पारी की बदौलत आईसीसी की सोमवार को जारी ताजा टेस्ट रैंकिंग में 37 अंकों की लम्बी छलांग लगायी है


विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया के स्टीवन स्मिथ का ताज छीनने की दहलीज पर पहुंच गए हैं।

रन मशीन विराट अपने दूसरे स्थान पर बरकरार हैं लेकिन नाबाद दोहरे शतक के दम पर वह 899 अंकों से 37 रेटिंग अंकों की छलांग लगाकर 936 अंकों पर पहुंच गए हैं। विराट और स्मिथ के बीच अब मात्र एक अंक का फासला रह गया है और भारतीय कप्तान तीसरे टेस्ट में स्मिथ से नंबर एक का ताज छीन सकते हैं। वह टेस्ट रैंकिंग में नंबर वन बनने से दो अंक पीछे रह गए हैं। 

विराट ने पुणे टेस्ट में नाबाद 254 रन की पारी खेली जिससे वह फिर से 900 अंकों से ऊपर पहुंच गए हैं। नंबर वन पर अभी भी ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज स्मिथ हैं जिनके खाते में 937 अंक हैं।

भारतीय कप्तान की यह सर्वश्रेष्ठ रेटिंग है और वह आलटाइम सर्वश्रेष्ठ रेटिंग के मामले में 11वें नंबर पर पहुंच गए हैं। आलटाइम सर्वश्रेष्ठ रेटिंग के मामले में लीजेंड ओपनर सुनील गावस्कर 916 अंकों और 24वें स्थान के साथ काफी पीछे छूट गए हैं।

विराट पहले टेस्ट मैच में फ्लॉप होने के बाद जनवरी 2018 के बाद पहली बार आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में 900 अंकों से नीचे आए थे, लेकिन पुणो में दोहरी शतकीय पारी खेलकर विराट फिर से 900 अंकों के पार पहुंच गए। आईसीसी की आलटाइम रेटिंग में ऑस्ट्रेलिया के सर डॉन ब्रैडमैन 961 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर हैं।
       
पुणे में अपने करियर का दूसरा शतक बनाने वाले ओपनर मयंक अग्रवाल ने आठ स्थान की लम्बी छलांग लगायी है और वह 657 रेटिंग अंकों के साथ अपने सर्वश्रेष्ठ 17वें स्थान पर पहुंच गए हैं। पहले टेस्ट की दोनों पारियों में शतक बनाने वाले ओपनर रोहित शर्मा को पुणो में सस्ते में आउट होने का नुकसान हुआ है और वह पांच स्थान गिरकर 17वें से 22वें स्थान पर खिसक गए हैं।
       
पुणे में 91 रन की शानदार पारी खेलने वाले आलराउंडर रवींद्र जडेजा ने भी 12 स्थान की लम्बी छलांग लगायी है और वह 551 की अपनी सर्वश्रेष्ठ रेटिंग के साथ 52वें से 40वें स्थान पर पहुंच गए हैं। पुणे में अर्धशतक बनाने वाले अजिंक्या रहाणो एक स्थान का सुधार कर नौंवें स्थान पर पहुंच गए हैं।
       
चेतेश्वर पुजारा का चौथा स्थान बना हुआ है लेकिन वह 818 रेटिंग अंकों से 817 रेटिंग अंकों पर आ गए हैं। न्यूजीलैंड के केन विलियम्सन तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक तीन स्थान गिरकर 10वें नंबर पर खिसक गए हैं।

 

वार्ता
दुबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment