दक्षिण अफ्रीका के क्रेग फुल्टन भारतीय पुरुष हॉकी टीम के नए कोच नियुक्त

Last Updated 04 Mar 2023 09:56:03 AM IST

टोक्यो ओलंपिक चैंपियन बेल्जियम के सहायक कोच रहे दक्षिण अफ्रीका के क्रेग फुल्टन भारतीय पुरुष हॉकी टीम के नए कोच होंगे।


दक्षिण अफ्रीका के क्रेग फुल्टन

भुवनेश्वर और राउरकेला में जनवरी में हुए वि कप में भारतीय टीम के क्वार्टर फाइनल तक भी नहीं पहुंच पाने के बाद तत्कालीन कोच ग्राहम रीड ने इस्तीफा दे दिया था। रीड के कोच रहते ही भारत ने टोक्यो ओलंपिक में 41 वर्ष बाद कांस्य जीता था।

हॉकी इंडिया ने 10 मार्च से एफआईएच हॉकी प्रो लीग के घरेलू मैचों से पहले शुक्रवार को यह घोषणा की। दक्षिण अफ्रीका के 48 वर्ष के फुल्टन को करीब 25 साल कोचिंग का अनुभव है और वह औपचारिकतायें पूरी करते ही टीम से जुड़ेंगे। 48 वर्ष के फुल्टन टोक्यो ओलंपिक 2020 में खिताब जीतने वाली बेल्जियम टीम के सहायक कोच रहे हैं। वह भुवनेश्वर में 2018 विश्व कप जीतने वाली बेल्जियम टीम के सहयोगी स्टाफ का भी हिस्सा थे।

फुल्टन 2014 से 2018 के बीच आयरलैंड की पुरुष टीम के मुख्य कोच रहे जब टीम ने रियो ओलंपिक 2016 के लिए क्वालीफाई किया था। ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाली सौ वर्ष में वह पहली आयरिश टीम थी जिसके कारण उन्हें 2015 में वर्ष का सर्वश्रेष्ठ एफआईएच कोच भी चुना गया।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने यहां जारी एक बयान में फुल्टन की नियुक्ति का स्वागत करते हुए कहा, ‘मुझे यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि हॉकी इंडिया ने भारतीय पुरुष टीम के लिए क्रेग फुल्टन को मुख्य कोच चुना है। मैं उनके खिलाफ खेल चुका हूं और अब भारतीय टीम के नए दौर में उनके साथ काम करूंगा।’ उन्होंने कहा, ‘उनके पास अपार अनुभव है और उनकी कार्यशैली टीमों में आत्मविश्वास बढाती है। मैं भारत में उनका स्वागत करता हूं।’ वहीं फुल्टन ने कहा, ‘भारतीय हॉकी टीम का मुख्य कोच बनना सम्मान की बात है। भारत का हॉकी में सुनहरा इतिहास रहा है और मैं मौजूदा टीम को नई ऊंचाइयों तक ले जाना चाहता हूं जिसमें कई प्रतिभावान खिलाड़ी हैं।’

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment