BWF World Rankings: सात्विक-चिराग ने करियर की सर्वश्रेष्ठ नंबर 5 रैंकिंग हासिल की

Last Updated 21 Dec 2022 11:33:33 AM IST

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय पुरुष युगल बैडमिंटन जोड़ी ने मंगलवार को जारी ताजा BWF विश्व रैंकिंग में दो स्थान की छलांग लगाकर करियर की सर्वश्रेष्ठ विश्व नंबर 5 स्थान हासिल किया।


सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय पुरुष युगल बैडमिंटन जोड़ी

चिराग और सात्विकसाईराज ने इंडियन ओपन सुपर 500 इवेंट जीतकर जीत के साथ 2022 सीजन की शुरूआत की और तब से वे शीर्ष 10 रैंकिंग से बाहर नहीं हुए हैं।

पूरे सत्र में अपनी निरंतरता दिखाते हुए, भारतीय जोड़ी ने टोक्यो में विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता और फ्रेंच ओपन में अपना पहला सुपर 750 खिताब अपने नाम किया। बर्मिघम में राष्ट्रमंडल खेलों 2022 में, चिराग और सात्विकसाईराज ने पुरुषों के युगल में भारत का पहला स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

उन्होंने थॉमस कप में प्रभावशाली प्रदर्शन के साथ भारत को पहली बार बैडमिंटन विश्व चैंपियन बनने में भी मदद की।

इस बीच, लक्ष्य सेन दुनिया के नंबर 7 पर आ गए, लेकिन पुरुष एकल वर्ग में भारत के शीर्ष क्रम के खिलाड़ी बने रहे। दूसरी ओर, बीडब्ल्यूएफ वल्र्ड टूर फाइनल्स में दुनिया के नंबर 1 विक्टर एक्सेलसेन के खिलाफ जीत दर्ज करने वाले एचएस प्रणय ने चार साल में पहली बार शीर्ष 10 में प्रवेश किया और दुनिया में नंबर 9 पर हैं।

विश्व चैंपियनशिप के पूर्व रजत पदक विजेता किदांबी श्रीकांत 11वें स्थान पर हैं। कोई अन्य भारतीय पुरुष एकल खिलाड़ी शीर्ष 30 में शामिल नहीं है।

महिला एकल में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु राष्ट्रमंडल खेल 2022 में स्वर्ण जीतने के बाद से चोट के कारण बाहर चल रही। वह छठे स्थान पर हैं।

लंदन 2012 की कांस्य पदक विजेता साइना नेहवाल मालविका बंसोड़ से एक स्थान नीचे विश्व में 33वें स्थान पर हैं जबकि आकाशी कश्यप 35वें स्थान पर हैं।



मिश्रित युगल में तनीषा क्रास्टो और ईशान भटनागर तीन पायदान ऊपर 21वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment